मुजफ्फरपुर में बकरीद की रौनक, अमन-चैन की दुआओं से गूंजे ईदगाह
- Post By Admin on May 28 2026
मुजफ्फरपुर : जिले में गुरुवार को ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व पूरे धार्मिक उत्साह, आपसी सौहार्द और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। शहर के विभिन्न इलाकों में सुबह से ही त्योहार को लेकर रौनक और चहल-पहल देखने को मिली। मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के अलावा खादी भंडार, माड़ीपुर, जूरन छपरा समेत कई प्रमुख स्थानों पर लोगों में खास उत्साह नजर आया।
सुबह होते ही शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भीड़ उमड़ पड़ी। नए परिधानों में सजे बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने एक साथ ईद की विशेष नमाज अदा की। नमाज के दौरान लोगों ने देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया। नमाज के बाद घरों में पारंपरिक तरीके से कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ, जो अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा। वहीं बाजारों में भी सुबह से काफी भीड़ देखी गई। लोग खरीदारी के साथ रिश्तेदारों और परिचितों के घर पहुंचकर त्योहार की खुशियां साझा करते नजर आए।
बकरीद को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट रहा। शहर के संवेदनशील इलाकों, चौक-चौराहों और प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन की सतर्कता के बीच पूरे शहर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल बना रहा।