महादलित टोला में विधिक जागरूकता शिविर, छात्रों को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

  • Post By Admin on May 28 2026
महादलित टोला में विधिक जागरूकता शिविर, छात्रों को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

लखीसराय : जिले में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा) एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (बालसा) के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से रामगढ़ चौक प्रखंड के शर्मा पंचायत स्थित महादलित टोला शर्मा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का विषय “अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के शैक्षणिक उत्थान के लिए संचालित सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन” रहा।

कार्यक्रम का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम एवं सचिव सह अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विधानंद सागर के नेतृत्व में किया गया। शिविर की अध्यक्षता पैनल अधिवक्ता सीतेश सुधांशु ने की, जबकि संचालन पारा विधिक स्वयंसेवक सुप्रिया कुमारी ने किया।

शिविर को संबोधित करते हुए अधिवक्ता सीतेश सुधांशु ने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री मेधावृत्ति योजना, परीक्षा शुल्क प्रतिपूर्ति, छात्रावास योजना, सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, महादलित विकास मिशन और अत्याचार राहत जैसी योजनाओं का लाभ पात्र छात्र-छात्राओं को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति, शिक्षण शुल्क और शैक्षणिक भत्ता देने की व्यवस्था की गई है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

शिविर में मौजूद महादलित परिवारों के लोगों, महिलाओं और बच्चों ने योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने तथा बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया गया।