वैशाली : राजनीति में जनता सबसे अहम है। जनता जिस पार्टी या नेता को चाहे सत्तारूढ़ कर सकती है और जब चाहे उसे सत्ता से बेदखल कर सकती है। देश में आजकल सभी पार्टियां एकजुट होकर वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पद से हटाने को जुगत भिड़ा रहे हैं। वहीं जनता के दिल और दिमाग में जैसे मोदी नाम छप चुका है। बिहार के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव को जनता के जबरदस्त विरोध का सामना करना पड़ा।
बताते चलें कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव वैशाली में एक सरकारी कार्यक्रम का उद्घाटन करने पहुंचे थे। लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उनके सामने ही मोदी-मोदी और बीजेपी जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। तेजस्वी यादव अपने विधानसभा क्षेत्र वैशाली में ग्रामीण जलापूर्ति योजना का उद्घाटन करने पहुंचे थे। तेजस्वी के काफिले के सामने ही लोगों ने नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगाए। इतना ही नहीं कुछ लोगों ने बाबा बागेश्वर की जय और जय श्रीराम का नारा भी लगाया। हालांकि भीड़ द्वारा मोदी-मोदी के नारे लगाने का तेजस्वी यादव या वहां मौजूद प्रशासनिक पदाधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ा। तय कार्यक्रम के अनुसार ही उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
वैसे यह घटना पहली बार नहीं हुई है। इसके पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी इस प्रकार के विरोध का सामना करना पड़ा था। एक कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद लोगों ने मोदी-मोदी के नारे लगाए थे।वैशाली में हुए इस विरोध को लेकर आरजेडी के पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने बीजेपी को घेरा है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव जिस तरीके से राघोपुर और पूरे बिहार का विकास कर रहे हैं, ये बीजेपी वालों को रास नहीं आ रहा है। बीजेपी वाले भीड़ में अपने आदमी भेज कर ऐसी हरकतें कराते हैं लेकिन उनके इस कृत्य से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। हम अपने लक्ष्य से नहीं हटने वाले।
























