मुजफ्फरपुर : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने रविवार को पटना से मोतिहारी जाने के दौरान कांटी स्थित छिन्नमस्तिका मंदिर के समीप भव्य स्वागत का सामना किया। पूर्व मंत्री अजीत कुमार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिलीप जायसवाल का ऐतिहासिक स्वागत किया, जिसमें हजारों कार्यकर्ता हाथी, घोड़ा, गाजे-बाजे के साथ एनएच 28 पर जुटे थे। प्रदेश अध्यक्ष के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर उनका स्वागत किया, इसके बाद उन्होंने छिन्नमस्तिका माता के मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया।
प्रदेश अध्यक्ष जायसवाल ने इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 2025 में बिहार में एनडीए की सरकार बड़े बहुमत से बनेगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभी से इस मिशन में जुट जाएं ताकि प्रधानमंत्री मोदी के हर सपने को साकार किया जा सके।
उन्होंने कहा, "मैं आज छिन्नमस्तिका मंदिर में मां का आशीर्वाद लेने आया हूं। मां से मैंने प्रार्थना की है कि पूरे बिहार, मुजफ्फरपुर और कांटी का विकास हो और आपसी सद्भाव बना रहे।" उन्होंने उपस्थित जनसमूह से कहा, "आप सभी का स्नेह और समर्थन मुझे नई प्रेरणा दे रहा है। इस आयोजन को आप सबने मेरे लिए यादगार बना दिया है। मैं आप सभी को हृदय से धन्यवाद देता हूं।"
इस मौके पर दिलीप जायसवाल का स्वागत करने वालों में मुखिया इंद्र मोहन झा, अशोक पासवान, मुरारी झा, रणधीर कुमार सिंह, सरपंच संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, राहुल कुमार, रंजीत चौधरी, सरोज कुमार तिवारी, पूर्व मुखिया नंदकिशोर सिंह, हाफिज ओजैर, हरदेव ठाकुर, मंकू पाठक, गजेंद्र झा सहित अन्य प्रमुख नेता उपस्थित थे।




















