अशोक चौधरी के बयान पर सियासी बवाल, भूमिहार ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट ने किया पुतला दहन
- Post By Admin on Sep 02 2024
.jpg)
मुजफ्फरपुर : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी नेता और राज्य मंत्रिमंडल में शामिल अशोक चौधरी द्वारा भूमिहारों पर की गई विवादित टिप्पणी से राज्य की सियासत में उबाल आ गया है। विभिन्न राजनीतिक हलकों से इस बयान को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कुछ लोग इस बयान का समर्थन कर रहे हैं, जबकि कई लोग इसका कड़ा विरोध कर रहे हैं।
इसी क्रम में सोमवार को भूमिहार ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट ने मुजफ्फरपुर के भगवानपुर गोलंबर पर अशोक चौधरी का पुतला दहन किया और बिहार सरकार से उनके इस्तीफे की मांग की। फ्रंट के महासचिव धर्मवीर शुक्ला ने कहा कि मंत्री अशोक चौधरी ने बिहार समाज के एक बड़े वर्ग के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की है, जो अस्वीकार्य है। उन्होंने मांग की कि बिहार सरकार उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करे और चौधरी सार्वजनिक मंच पर मीडिया के सामने माफी मांगें।
फ्रंट ने चेतावनी दी है कि यदि अशोक चौधरी को बर्खास्त नहीं किया गया और उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी, तो फ्रंट सड़क से लेकर सदन तक व्यापक आंदोलन करेगा। इस मुद्दे पर राज्य की राजनीति में लगातार बढ़ते तनाव के बीच, आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।