कर्नाटक: एनसीपी नेता शरद पंवार ने कर्नाटक चुनाव को लेकर आकलन बताया है. कर्नाटक में इस वक्त भाजपा सत्ता में है. और मोदी मैजिक की मदद से दोबारा वापसी की तैयारी के लिए जोर लगा रही है. वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस सत्ता विरोधी लहर से भाजपा को उखाड़ फेकने की उम्मीद में है. एक मीडिया से बातचीत के दौरान शरद पंवार ने कहा है कि अगले महीने होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीतने की अच्छी संभावनाएं हैं. शरद पंवार ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के नजरियों से नहीं देखा जाना चाहिए. हालांकि भाजपा अपने चुनाव अभियान में राष्ट्रिय मुद्दों को राज्य के मुद्दों से जोड़ रही है.

एनसीपी नेता शरद पंवार ने कहा कि "मेरा आकलन यह है कि चुनाव दो प्रकार के होते हैं. केंद्र सरकार के लिए राष्ट्रिय चुनाव और राज्यों के लिए चुनाव. हो सकता है आप सहमत न हों. मेरा व्यक्तिगत आकलन यह है कि राज्य के चुनाव एक अलग खेल हैं". उन्होंने आगे कहा कि "केरल, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में बीजेपी की सरकार नहीं है. कर्नाटक में चुनाव हैं. और मेरा आकलन यह है कि कांग्रेस जीतेगी". उन्होंने राज्यों के जमीनी स्थिति का उदहारण देते हुए समझाया कि कैसे गैर बीजेपी पार्टियां विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के लिए सक्षम रही हैं. उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस सरकार थी. लेकिन विधायक टूट गए और भाजपा ने सरकार बना ली. राजस्थान, पंजाब, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और ऐसे कई राज्य हैं जहां पर गैर बीजेपी सरकारें हैं. बता दें कि शरद पंवार ने अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर कहा कि विपक्ष को एकजुट होकर लड़ने की जरूरत है. अन्यथा बीजेपी को हराना बहुत ही मुश्किल होगा.

आपको बता दें कि शरद पंवार की एनसीपी पार्टी महाराष्ट्र में कांग्रेस और शिवसेना के साथ गठबंधन में हैं. तीनों पार्टी ने मिलकर राज्य सरकार बनाई थी. परन्तु एकनाथ शिंदे की बगावत के बाद यह सरकार गिर गई.