पटना: बिहार सरकार की कैबिनेट ने बुधवार को कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी। इनमें राज्य के 38 जिलों में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुफ्त प्री-एग्जाम प्रशिक्षण केंद्र संचालित करने का प्रस्ताव शामिल है। इसके अलावा पटना की जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 1,794.32 करोड़ रुपये की परियोजना को भी मंजूरी दी गई।

AMRUT 2.0 के तहत प्रस्तावित इस जल परियोजना से पटना के सभी 75 वार्डों में 2,18,585 घरों को नल के पानी की सुविधा देने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना में गंगा नदी से दो इंटेक वेल, 355 MLD और 350 MLD क्षमता के जल शोधन संयंत्र तथा पाइपलाइन और जल भंडारण व्यवस्था विकसित की जाएगी। कैबिनेट ने IGIMS पटना में क्रिटिकल केयर विभाग के लिए 64 पदों के सृजन समेत स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास और अन्य विभागों से जुड़े कई प्रस्तावों को भी मंजूरी दी है।