जम्मू में पीएम मोदी का चुनावी आगाज: परिवारवाद और आतंकवाद पर साधा निशाना

  • Post By Admin on Sep 14 2024
जम्मू में पीएम मोदी का चुनावी आगाज: परिवारवाद और आतंकवाद पर साधा निशाना

जम्मू-कश्मीर : जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी अभियान की शुरुआत करते हुए डोडा में एक भव्य रैली को संबोधित किया। रैली के दौरान प्रधानमंत्री ने स्थानीय भाषा में सभी का अभिवादन करते हुए जनता को संबोधित किया, और मंच से 'मोदी-मोदी' के नारों की गूंज सुनाई दी। 

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का विकास और सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह चुनाव प्रदेश का भविष्य निर्धारित करेगा। साथ ही उन्होंने राज्य में वर्षों से जारी परिवारवाद पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि आजादी के बाद से जम्मू-कश्मीर विदेशी ताकतों के निशाने पर रहा, और बाद में परिवारवाद ने प्रदेश को कमजोर करने का काम किया। 

मोदी ने कहा कि जिन राजनीतिक दलों को जनता ने चुना, उन्होंने जनता की भलाई की बजाय अपने परिवारों का हित साधा। वहीं, प्रदेश की जनता आतंकवाद की पीड़ा झेलती रही। उन्होंने कहा कि इस परिवारवाद के चलते नए नेतृत्व को उभरने का मौका नहीं मिला और दशकों तक आम जनता के हक की अनदेखी की गई। उन्होंने यह भी बताया कि पंचायत और बीडीसी चुनाव 2005 तक नहीं हो पाए थे, जो इस परिवारवादी राजनीति का परिणाम था।

भाजपा ने विधानसभा चुनाव के लिए अपने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित कई प्रमुख नेता शामिल हैं। इनके अलावा नितिन गडकरी, मनोहरलाल खट्टर, शिवराज सिंह चौहान, अनुराग ठाकुर, स्मृति ईरानी और जनरल (सेवानिवृत्त) वी.के. सिंह भी चुनाव प्रचार में भाग लेंगे। 

इसके अलावा, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी इस सूची में शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव तीन चरणों में होंगे, जो 18 सितंबर, 25 सितंबर और 1 अक्टूबर को आयोजित किए जाएंगे। मतगणना 4 अक्टूबर को होगी।