लखीसराय : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को लखीसराय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। शहर के शहीद द्वार पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर आक्रोश जाहिर किया।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने "मुख्यमंत्री इस्तीफा दो" और "मुख्यमंत्री मुर्दाबाद" के नारे लगाते हुए नीतीश सरकार के खिलाफ जमकर हमला बोला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रगान के समय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने सलाहकार दीपक कुमार से बातचीत करते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है। जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार अनीश ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कृत्य बेहद शर्मनाक है और यह संविधान का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार मानसिक रूप से अब मुख्यमंत्री पद संभालने की स्थिति में नहीं हैं और बीजेपी केवल सत्ता की खातिर उन्हें आगे कर रही है। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि मुख्यमंत्री को तुरंत बर्खास्त किया जाए।

अनीश ने कहा कि राष्ट्रगान का अपमान किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले को हल्के में लेती है, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी। इस मुद्दे पर विपक्ष पहले ही हमलावर था, अब राष्ट्रगान अपमान के आरोपों ने बिहार की सियासत में नया तूफान खड़ा कर दिया है। कांग्रेस और राजद सहित अन्य दल सरकार पर हमले तेज कर चुके हैं। वहीं, जदयू और भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री का बचाव करते हुए पूरे मामले को "बिना वजह का विवाद" बताया है।