लखीसराय पहुंचे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, जनसंवाद में सुनीं जनसमस्याएं

  • Post By Admin on Apr 20 2025
लखीसराय पहुंचे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा, जनसंवाद में सुनीं जनसमस्याएं

लखीसराय : राज्य के उपमुख्यमंत्री और लखीसराय के विधायक विजय कुमार सिन्हा  रविवार को जिले के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने भाजपा विधानसभा प्रधान कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में भाग लिया और आम लोगों से सीधे संवाद कर स्थानीय समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने पेयजल संकट और कृषि विभाग से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए समाधान का आश्वासन दिया।

जनसंवाद कार्यक्रम के उपरांत आयोजित प्रेस वार्ता में डिप्टी सीएम ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की तुलना सीताराम केसरी से करते हुए उन्हें "बंधुआ मजदूर की तरह कार्य करने वाला" करार दिया। उन्होंने कहा कि "चांदी की चम्मच लेकर पैदा हुए लोग आज लोकतंत्र को बीमार करने में लगे हैं। खड़गे साहब कांग्रेस ही नहीं, देश के लोकतंत्र को भी खोखला कर रहे हैं।"

डिप्टी सीएम ने कृषि क्षेत्र में हुए विकास की सराहना करते हुए कहा कि राज्य और देश में गेहूं, चावल और मक्का के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मिलेट (श्री अन्न) को वैश्विक पहचान मिली है, जिससे किसानों को भविष्य में और भी लाभ मिलेगा।

उन्होंने बताया कि पेयजल संकट की समस्या लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे, जिसे प्राथमिकता के आधार पर हल किया जाएगा। साथ ही कृषि योजनाओं की समीक्षा कर किसानों को अधिक लाभ दिलाने की दिशा में भी कदम उठाए जाएंगे।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक कुमार, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रो. देवानंद साहू, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास आनंद, भाजपा नेता सनोज कुमार और अजय कुमार समेत कई पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।