भाजपा के सदस्यता अभियान से टूट जाएगा विपक्ष का भ्रम जाल
- Post By Admin on Aug 26 2024

मुजफ्फरपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सदस्यता अभियान को लेकर दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय विस्तार भवन में बीते शनिवार को भाजपा महिला मोर्चा द्वारा राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का उद्घाटन भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन ने किया। इस अवसर पर, सदस्यता अभियान के राष्ट्रीय प्रभारियों ने मंच पर भाजपा महिला मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और अन्य गणमान्य पदाधिकारियों का स्वागत किया।
इस कार्यशाला में शामिल भाजपा की वरिष्ठ नेत्री डॉ. ममता रानी ने बिहार में 2025 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए इस सदस्यता अभियान को अत्यधिक महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि यह अभियान पार्टी को विधानसभा चुनावों में सीधा लाभ पहुंचाएगा। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 1 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे और इस अभियान के माध्यम से विपक्ष के भ्रमजाल को तोड़ने का संकल्प व्यक्त किया।
डॉ. ममता रानी ने यह भी संकल्प लिया कि वे अपने क्षेत्र में अधिक से अधिक नए सदस्य बनाएंगी और उनकी कोशिश होगी कि प्रत्येक बूथ पर कम से कम 200 नए सदस्य जोड़े जाएं। इस कार्यशाला में राष्ट्रीय संगठन मंत्री संतोष बीएल, भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा और महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वनाथी श्रीनिवासन समेत भाजपा के कई प्रमुख संगठन पदाधिकारी उपस्थित थे।