जन सुराज के ऐतिहासिक महिला संवाद कार्यक्रम में उमड़ी भीड़

  • Post By Admin on Aug 26 2024
जन सुराज के ऐतिहासिक महिला संवाद कार्यक्रम में उमड़ी भीड़

पटना : जिले के बापू सभागार में रविवार को आयोजित जन सुराज के ऐतिहासिक "महिला संवाद" कार्यक्रम में बिहार की हजारों महिलाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने एक बड़ा ऐलान करते हुए वादा किया कि 2025 के विधानसभा चुनाव में जन सुराज से कम से कम 40 महिला उम्मीदवारों को जीताकर विधानसभा में भेजा जाएगा। उन्होंने महिलाओं को आश्वस्त करते हुए कहा, "आपको संसाधन मैं दूँगा और राजनीति के गुण भी सिखाऊंगा। आप डरे बिना मुझ पर भरोसा करें।"

प्रशांत किशोर ने यह भी वादा किया कि 2025 में छठ के मौके पर वे यह सुनिश्चित करेंगे कि महिलाओं के पति और बेटे को रोजगार के लिए बड़े शहरों में नहीं जाना पड़े। उनके लिए बिहार में ही 10-15 हजार रुपए मासिक कमाई का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा।

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रशांत किशोर ने यह भी घोषणा की कि जन सुराज सरकार की गारंटी पर केवल 4% ब्याज दर पर महिलाओं को स्वरोजगार के लिए ऋण प्रदान करेगा। उनका मानना है कि महिलाओं को समानता तब ही मिल सकती है जब वे आर्थिक रूप से मजबूत हों और महिलाओं को उनका हक उनकी जनसंख्या के अनुसार नहीं, बल्कि उनके योगदान के अनुसार मिलना चाहिए।

इस ऐलान से महिलाओं के बीच काफी उत्साह देखा गया और उन्होंने प्रशांत किशोर के वादों पर भरोसा जताया।