भाजपा के सदस्यता अभियान को लेकर जिला कार्यशाला का आयोजन
- Post By Admin on Aug 24 2024
.jpg)
मुजफ्फरपुर : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा शनिवार को मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा स्थित होटल द पार्क के सभागार में सदस्यता अभियान के लिए जिला कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने की, जिसमें पुष्पांजलि, दीप प्रज्वलन और सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ बैठक का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष रंजन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 1 सितंबर से शुरू होने वाले सदस्यता अभियान की तैयारियों पर चर्चा करना है। उन्होंने बताया कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक दल है और इस बार पूरे देश में 10 करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य है, जिसमें से मुजफ्फरपुर जिले में 7 लाख से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे प्रत्येक बूथ पर जाकर 200 सदस्य बनाएँ, जिससे बूथ भी मजबूत होगा। इस अभियान के लिए जिले में चार सदस्यीय कमिटी की घोषणा की गई, जिसमें उपेन्द्र पासवान, अंकज कुमार, धनंजय झा और डॉ. रागिनी रानी शामिल हैं। इसके अलावा, जिले के 42 मंडलों में भी चार सदस्यीय सदस्यता टीम बनाई गई है, जिसमें एक महिला सदस्य भी शामिल है।
जिला सदस्यता अभियान के प्रभारी उपेन्द्र पासवान ने एक पॉवर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से सदस्यता अभियान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। क्षेत्रीय प्रभारी त्रिविक्रम नारायण सिंह ने कहा कि 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के लिए यह सदस्यता अभियान काफी महत्वपूर्ण है और इसका विधानसभा चुनाव में पार्टी को सीधा लाभ मिलेगा।
पूर्व मंत्री सह औराई विधायक रामसूरत राय ने कहा कि जिले के ग्यारह विधानसभा क्षेत्रों में 70,000 से अधिक सदस्य बनाने का लक्ष्य है, जिसे पार करके जिले का समग्र लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में सबसे अधिक सदस्य कुढ़नी विधानसभा से बनाए जाने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्य अतिथि प्रदेश महामंत्री शिवेश राम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को सराहते हुए कहा कि इस सदस्यता अभियान के माध्यम से विपक्ष द्वारा फैलाए गए भ्रमजाल को भी तोड़ना है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 सितंबर को सदस्यता लेकर इस अभियान की शुरुआत करेंगे, और 1 सितंबर से 25 सितंबर तक पहला फेज चलेगा जिसमें अधिक से अधिक सदस्यों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यशाला में जिला कोर कमिटी के सभी सदस्य, जिला पदाधिकारी, जिला प्रवक्ता, जिला मीडिया प्रभारी, विधानसभा प्रभारी, और जिले से जुड़े विभिन्न मोर्चा अध्यक्षगण सहित कई महत्वपूर्ण पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रभु कुशवाहा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला मंत्री धनंजय झा ने किया।
कार्यक्रम के समापन के पश्चात जिले के वरिष्ठ नेता लक्ष्मण पासवान को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और 2 मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अजीत कुमार, पूर्व विधायक बेबी कुमारी, पूर्व विधान पार्षद गीता कुमारी, और अन्य वरिष्ठ नेता भी उपस्थित थे।