बीजेपी बनाएगी बिहार में डेढ़ करोड़ सदस्य : दिलीप जायसवाल
- Post By Admin on Aug 31 2024
.jpg)
• पूर्व मंत्री अजीत कुमार के नेतृत्व में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष का हुआ भव्य स्वागत
मुजफ्फरपुर : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने शनिवार को कहा कि बिहार में बीजेपी का डेढ़ करोड़ सदस्य बनाने का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी कहा कि 1 सितंबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पार्टी का सदस्य बनाकर इस सदस्यता अभियान की शुरुआत की जाएगी। इसके बाद बिहार में हजारों कार्यकर्ता इस अभियान में जुट जाएंगे। जायसवाल का लक्ष्य है कि हर परिवार से कम से कम एक सदस्य बीजेपी का बने, जिससे राष्ट्रवाद और देशभक्ति को मजबूत किया जा सके।
यह बातें उन्होंने पटना से बेतिया जाते समय मुजफ्फरपुर के कांटी क्षेत्र में छपरा काली मंदिर पर उपस्थित पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। जायसवाल ने कहा कि मुजफ्फरपुर में यह अभियान पूरी तरह सफल होगा, क्योंकि जिले में पूर्व मंत्री अजीत कुमार जैसे समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं।
इससे पहले छपरा काली मंदिर पहुंचते ही दिलीप जायसवाल का भव्य स्वागत किया गया। कार्यकर्ताओं के उत्साह को देखकर जायसवाल ने गाड़ी से उतरकर उनके साथ पैदल चलकर मंदिर तक गए और काली मां की पूजा अर्चना की। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे भी उपस्थित थे और उन्होंने भी कार्यकर्ताओं से सदस्यता अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत करने वालों में कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल थे, जिनमें मुखिया इंद्र मोहन झा, रणधीर कुमार सिंह, श्री कृष्णा, कमलेश कुमार सिंह, अशोक पासवान, कमलेश कांत गिरी, प्रभाकर चौधरी, और अन्य लोग शामिल थे।