जन सुराज जिला कार्यालय में संगठन विस्तार को लेकर अहम बैठक, भविष्य की रणनीति पर मंथन
- Post By Admin on Jan 11 2026
मुजफ्फरपुर : जन सुराज संगठन की ओर से जिले में संगठन को मजबूत करने और आगामी रणनीति तय करने के उद्देश्य से रविवार को जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सक्रिय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता पर्यवेक्षक सुभाष कुमार कुशवाहा एवं जयराम सिंह ने संयुक्त रूप से की, जबकि जिला महासचिव सुदर्शन मिश्रा भी बैठक में मौजूद रहे। इस दौरान संगठन की वर्तमान स्थिति, भविष्य की दिशा और जमीनी स्तर पर मजबूती को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का प्रमुख उद्देश्य जिले में जन सुराज के भविष्य का रोडमैप तैयार करना रहा। इसमें संगठन विस्तार, जन संवाद को और प्रभावी बनाने तथा ईमानदार, सक्षम और समर्पित लोगों को अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों ने संगठन की संरचना, कार्यशैली, आगामी कार्यक्रमों और गांव-प्रखंड स्तर पर संगठन को मजबूत करने को लेकर अपने-अपने सुझाव रखे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय संवाद स्थापित करने और जन सुराज के विचारों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
अंत में बैठक का समापन सकारात्मक माहौल में हुआ, जहां सभी ने बिहार के बेहतर भविष्य के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक में जिले के प्रमुख स्थानीय प्रतिनिधियों के साथ विभिन्न प्रखंडों से आए जन सुराज के नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे।