डिप्रेशन और एंजाइटी से जंग का पाठ, गो अप फाउंडेशन ने छात्रों को सिखाए जीवन कौशल

  • Post By Admin on May 06 2026
डिप्रेशन और एंजाइटी से जंग का पाठ, गो अप फाउंडेशन ने छात्रों को सिखाए जीवन कौशल

मुजफ्फरपुर : जिले के माड़ीपुर क्षेत्र स्थित एक कोचिंग सेंटर में गो अप फाउंडेशन द्वारा मानसिक स्वास्थ्य पर आधारित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ता रूपा सिन्हा और प्रिया राजहंस ने विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं और उनके समाधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

वक्ताओं ने उदाहरणों के माध्यम से बताया कि जीवन में संघर्ष के बावजूद कई महान हस्तियों ने अपने लक्ष्य को हासिल किया है, जिससे छात्रों को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को समय के सदुपयोग का महत्व समझाया और कहा कि सफलता के लिए अनुशासन और सही दिशा में प्रयास जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान छात्रों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं। वक्ताओं ने तनाव, अवसाद और चिंता जैसी समस्याओं से बेहतर तरीके से निपटने के उपाय भी बताए और सकारात्मक सोच अपनाने पर जोर दिया।

उन्होंने अभिभावकों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि माता-पिता को बच्चों के करियर चयन में सहयोग करना चाहिए और उनकी रुचि एवं क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को मानसिक रूप से मजबूत बनाना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर संस्था की निदेशक पूनम शर्मा, सुमिता वर्मा, स्मृतिबाला तथा कोचिंग सेंटर के डायरेक्टर सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।