मुंबई : महिलाओं और लड़कियों की डिजिटल भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से रिलायंस फाउंडेशन और गेट्स फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से ‘शीकनेक्ट्स डिजिटल एक्सेलेरेटर’ अभियान शुरू करने की घोषणा की है। 200 करोड़ रुपए की इस महत्वाकांक्षी पहल का लक्ष्य भारत और सब-सहारा अफ्रीका में महिलाओं तक डिजिटल तकनीक की पहुंच और उसके प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना है।
यह कार्यक्रम अगले तीन वर्षों तक संचालित किया जाएगा, जिसके तहत ऐसे स्थानीय और प्रभावशाली डिजिटल समाधानों की पहचान की जाएगी और उन्हें बड़े स्तर तक पहुंचाने में सहायता दी जाएगी, जो महिलाओं के जीवन और आजीविका को बेहतर बनाने में सहायक हों। पहल का विशेष फोकस उन नवाचारों पर रहेगा, जो जमीनी स्तर पर पहले से कारगर साबित हो चुके हैं। रिलायंस फाउंडेशन भारत में इस कार्यक्रम के तहत उन डिजिटल समाधानों को आगे बढ़ाएगा, जो पहले से सफल रहे हैं, जबकि गेट्स फाउंडेशन के साथ मिलकर भारत और सब-सहारा अफ्रीका के बीच अनुभवों और सीखों के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इस सहयोग का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की डिजिटल जरूरतों को समझते हुए प्रभावी समाधान विकसित करना है।
इस अवसर पर रिलायंस फाउंडेशन की महिला सशक्तिकरण प्रमुख एन. दीप्ति रेड्डी ने कहा कि महिलाओं को डिजिटल दुनिया में पूरी भागीदारी के लिए आवश्यक संसाधन और आत्मविश्वास प्रदान करना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह पहल महिलाओं की डिजिटल पहुंच को बढ़ाने और उन्हें अधिक सक्षम बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाएगी। वहीं, गेट्स फाउंडेशन की जेंडर समानता की उप निदेशक साची भल्ला ने कहा कि ग्लोबल साउथ के कई देशों में महिलाएं अभी भी डिजिटल तकनीक तक पहुंच में कई बाधाओं का सामना कर रही हैं। उनके अनुसार यह पहल स्थानीय जरूरतों के अनुरूप तैयार समाधानों को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी।
रिलायंस फाउंडेशन के मुताबिक, पिछले तीन वर्षों में संस्था ने भारत में 6 लाख से अधिक महिलाओं तक डिजिटल तकनीक से जुड़ी पहलें पहुंचाई हैं। यह नया अभियान वर्ष 2030 तक डिजिटल जेंडर गैप को आधा करने के वैश्विक लक्ष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण योगदान देने का प्रयास करेगा।




















