विश्व मलेरिया दिवस पर जिलेभर में जागरूकता अभियान, स्वास्थ्य कर्मियों ने ली शपथ
- Post By Admin on Apr 25 2026
लखीसराय : विश्व मलेरिया दिवस के अवसर पर जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में मलेरिया उन्मूलन को लेकर शपथ समारोह आयोजित किए गए। इस दौरान स्वास्थ्यकर्मियों और आम लोगों को इस बीमारी को जड़ से खत्म करने का संकल्प दिलाया गया।
जिला सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह ने बताया कि मलेरिया एक गंभीर संक्रामक रोग है, जो प्लास्मोडियम नामक परजीवी के कारण होता है। यह संक्रमित मादा एनोफिलीज मच्छर के काटने से मनुष्यों में फैलता है। उन्होंने कहा कि विश्व मलेरिया दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों को इस बीमारी की रोकथाम और नियंत्रण के प्रति जागरूक करना है। इस वर्ष का थीम है— “मलेरिया उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध: अब हम कर सकते हैं, अब हमें करना ही होगा।”
जिला वेक्टर जनित रोग नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. अमित कुमार ने बताया कि मलेरिया फैलने का मुख्य कारण गंदगी और जल जमाव है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें, सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। साथ ही, जल जमाव वाले स्थानों पर किरोसिन तेल का छिड़काव करने की सलाह दी।
उन्होंने मलेरिया के लक्षणों की जानकारी देते हुए बताया कि ठंड लगना, सिरदर्द, उल्टी, चक्कर आना, तेज बुखार और अधिक पसीना इसके प्रमुख संकेत हैं। यदि इस तरह के लक्षण लगातार दिखाई दें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर जांच और इलाज कराना चाहिए।
सदर अस्पताल परिसर में आयोजित मुख्य शपथ समारोह में जिला वेक्टर जनित रोग सलाहकार नरेंद्र कुमार, अस्पताल प्रबंधक नंद किशोर भारती, पिरामल प्रतिनिधि राहुल कुमार झा, जीएनएम स्कूल की छात्राएं और स्टाफ नर्स मौजूद रहे।