33 फिल्मों में से चुनी गई ‘गोंधल’, ऑस्कर 2027 में भारत का करेगी प्रतिनिधित्व
- Post By Admin on Sep 18 2026
मुंबई : मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी पुरस्कार यानी ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। संतोष डावखर के निर्देशन में बनी यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी।
फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने ‘गोंधल’ के चयन पर फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने इसे मराठी सिनेमा और भारतीय फिल्म उद्योग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। एफएफआई की चयन समिति ने 33 फिल्मों में से ‘गोंधल’ का चयन किया। समिति के अध्यक्ष फिल्मकार पी. शेषाद्री थे और इसमें भारतीय फिल्म उद्योग के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सदस्य शामिल थे।
‘गोंधल’ ग्रामीण महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म है और इसकी कहानी महाराष्ट्र की पारंपरिक गोंधल लोक-परंपरा और अनुष्ठान के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म में परंपरा, व्यक्तिगत आकांक्षाओं और मानवीय भावनाओं के बीच टकराव को कहानी का आधार बनाया गया है। फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निशाद भोइर और अनुज प्रभु समेत अन्य कलाकारों ने अभिनय किया है। संतोष डावखर ने फिल्म की कहानी और निर्देशन किया है। ‘गोंधल’ को फिल्म महोत्सवों में भी पहचान मिल चुकी है। फिल्म को 2025 के इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में सम्मान मिला था और इसके बाद अन्य फिल्म समारोहों में भी इसे सराहना मिली।
इस वर्ष भारत की ऑस्कर प्रविष्टि के लिए कुल 33 फिल्मों पर विचार किया गया था। चयन के बाद अब ‘गोंधल’ ऑस्कर की आगे की प्रक्रिया में शामिल होगी। अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में पहले लंबी सूची से फिल्मों को शॉर्टलिस्ट किया जाता है और इसके बाद अंतिम नामांकन तय होते हैं। 99वें अकादमी पुरस्कारों का आयोजन 14 मार्च 2027 को निर्धारित है।
इस उपलब्धि में बिहार से जुड़े फिल्म क्षेत्र के पदाधिकारियों की भी भूमिका रही है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अभय सिन्हा के अलावा पटना के निशांत उज्ज्वल संस्था के उपाध्यक्ष हैं। निशांत उज्ज्वल ने उम्मीद जताई कि ‘गोंधल’ अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा और मराठी संस्कृति की पहचान को आगे बढ़ाएगी। ‘गोंधल’ के चयन के साथ मराठी सिनेमा की ऑस्कर तक पहुंच एक बार फिर चर्चा में है। इससे पहले ‘श्वास’, ‘हरिश्चंद्राची फैक्टरी’ और ‘कोर्ट’ जैसी मराठी फिल्में भारत की ओर से ऑस्कर के लिए आधिकारिक प्रविष्टि रह चुकी हैं।