ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बनी मराठी फिल्म ‘गोंधल’, 33 फिल्मों में हुआ चयन

  • Post By Admin on Sep 18 2026
ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि बनी मराठी फिल्म ‘गोंधल’, 33 फिल्मों में हुआ चयन

मुंबई : मराठी फिल्म ‘गोंधल’ को 99वें अकादमी पुरस्कार यानी ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुना गया है। फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया (एफएफआई) की चयन समिति ने 33 फिल्मों में से ‘गोंधल’ का चयन किया है। फिल्म अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी। इसकी जानकारी एफएफआई और इम्पा के अध्यक्ष अभय सिन्हा ने दी।

अभय सिन्हा ने ‘गोंधल’ की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि मराठी फिल्म का ऑस्कर के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चयन मराठी सिनेमा के साथ पूरे भारतीय फिल्म उद्योग के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने उम्मीद जताई कि फिल्म अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा की प्रतिभा को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेगी। ‘गोंधल’ का चयन करने वाली 14 सदस्यीय समिति की अध्यक्षता प्रसिद्ध फिल्मकार पी. शेषाद्री ने की। समिति में भारतीय फिल्म उद्योग के अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े निर्देशक, अभिनेता, निर्माता, छायाकार, संपादक और अन्य अनुभवी सदस्य शामिल रहे। करीब दो घंटे की अवधि वाली यह मराठी फिल्म ऑस्कर के लिए विचारार्थ प्रस्तुत 33 फिल्मों में शामिल थी।

एफएफआई के उपाध्यक्ष और पटना निवासी निशांत उज्ज्वल ने कहा कि जूरी द्वारा भारत की आधिकारिक प्रविष्टि के रूप में चुनी गई ‘गोंधल’ से देश को ऑस्कर में गौरव मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष ऑस्कर के लिए कुल 33 फिल्मों की प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं, जिनमें 14 हिंदी फिल्में भी शामिल थीं। निशांत उज्ज्वल के अनुसार, ‘गोंधल’ महाराष्ट्र के एक गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित संगीतमय कहानी है। फिल्म की कहानी और प्रस्तुति को प्रभावशाली बताया गया है। फिल्म का निर्देशन संतोष डावखर ने किया है। फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निशाद भोइर और अनुज प्रभु समेत कई कलाकारों ने अभिनय किया है।

एफएफआई के पदाधिकारियों में अभय सिन्हा अध्यक्ष और निशांत उज्ज्वल उपाध्यक्ष हैं। संस्था के अन्य पदाधिकारियों में धर्मेंद्र मेहरा सचिव, रवि कोटरकर सदस्य, संग्राम शिर्के कोषाध्यक्ष, टी. पी. अग्रवाल संरक्षक और हिराचंद उपाध्यक्ष शामिल हैं। ऑस्कर चयन समिति के अध्यक्ष पी. शेषाद्री रहे। ‘गोंधल’ का चयन होने के बाद अब फिल्म ऑस्कर की आगे की प्रक्रिया में शामिल होगी। अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म श्रेणी में आधिकारिक प्रविष्टि के बाद फिल्मों की अगली चयन प्रक्रिया होती है। ऐसे में अब फिल्म की आगे की यात्रा पर भारतीय फिल्म जगत और दर्शकों की नजर रहेगी।