बिग बॉस के बाद बड़े पर्दे पर आम्रपाली दुबे का जलवा, फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' का धमाकेदार ट्रेलर आउट

  • Post By Admin on Oct 07 2026
बिग बॉस के बाद बड़े पर्दे पर आम्रपाली दुबे का जलवा, फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' का धमाकेदार ट्रेलर आउट

मुंबई : बिग बॉस के घर में अपने खास अंदाज से दर्शकों का दिल जीत रहीं भोजपुरी सिनेमा की चर्चित अभिनेत्री आम्रपाली दुबे अब बड़े पर्दे पर अपनी अदाकारी का जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं। रेणु विजय फिल्म्स एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के बैनर तले निर्मित बहुप्रतीक्षित भोजपुरी फिल्म 'बीवी हो तो ऐसी' का 1 मिनट 47 सेकेंड का आधिकारिक ट्रेलर जारी कर दिया गया है। एडवाइज भोजपुरी सिनेमा के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल समेत अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज होते ही यह ट्रेलर तेजी से दर्शकों के बीच चर्चा का केंद्र बन गया है, जिसमें आम्रपाली दुबे के साथ सुपरस्टार विक्रांत सिंह राजपूत की दमदार जोड़ी नजर आ रही है।

फिल्म के ट्रेलर का आरंभ आम्रपाली दुबे द्वारा निभाए जा रहे किरदार के वकील बनने के बड़े सपने के साथ होता है, लेकिन विवाह के बाद कहानी दांपत्य जीवन की जटिलताओं, दो अलग-अलग मिजाज के पति-पत्नी के वैचारिक टकराव और पारिवारिक जिम्मेदारियों के ताने-बाने में उलझती नजर आती है। कहानी में संजीदा भावनाओं के साथ-साथ मनोरंजन और हास्य का भी बेहतरीन संतुलन देखने को मिलता है। विशेष रूप से ट्रेलर का क्लाइमेक्स दर्शकों को चौंकाने के साथ-साथ चेहरे पर मुस्कान भी छोड़ जाता है, जिससे पर्दे के पीछे छुपे असली राज को जानने के लिए दर्शकों में फिल्म के प्रीमियर को लेकर उत्सुकता काफी बढ़ गई है।

फिल्म के निर्माता निशांत उज्जवल ने कहानी पर भरोसा जताते हुए कहा कि यह फिल्म विशुद्ध पारिवारिक मनोरंजन के साथ मानवीय रिश्तों की एक बेहद दिलचस्प और संवेदनशील दास्तान बयां करती है। उन्होंने बताया कि ट्रेलर को मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया से पूरी टीम उत्साहित है और बहुत जल्द फिल्म के भव्य प्रीमियर की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। निशांत उज्जवल ने आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह राजपूत की जोड़ी की सराहना करते हुए कहा कि दोनों मंझे हुए कलाकारों ने अपने किरदारों को बेहद सहजता और गहराई के साथ जिया है। पर्दे पर उनकी ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को बांधकर रखेगी और दोनों का यह नया अंदाज प्रशंसकों का भरपूर मनोरंजन करेगा।

इस फिल्म का लेखन और निर्देशन सोम भूषण श्रीवास्तव ने किया है। मुख्य भूमिकाओं में आम्रपाली दुबे और विक्रांत सिंह राजपूत के अलावा रोहित सिंह मटरू, सुबोध सेठ, इशा भारद्वाज, साहिबा, पल्लवी कोहली और सबा खान प्रमुख किरदारों में दिखाई देंगे, जबकि अभिनेता संजय पांडेय एक खास भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का कर्णप्रिय संगीत ओम झा और रजनीश मिश्रा ने तैयार किया है, जिसके बोल ओम झा, संतोष पाटिल और शेखर मधु ने लिखे हैं।

तकनीकी पहलू की बात करें तो कैमरे का जिम्मा सिनेमेटोग्राफर प्रमोद पांडेय ने संभाला है, जबकि संपादन जितेन्द्र सिंह जीतू ने किया है। फिल्म के सह-निर्माता डॉ. संदीप उज्जवल व सुशांत उज्जवल, कार्यकारी निर्माता महेश उपाध्याय, प्रोडक्शन कंट्रोलर रमेश चौरसिया और सह-निर्देशक मंजर खान हैं। रिश्तों की खट्टी-मीठी नोकझोंक, इमोशनल ड्रामा और पारिवारिक ताने-बाने से सजी इस फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को खूब भा रहा है और अब सभी की निगाहें इसके प्रदर्शन पर टिकी हैं।

फिल्म का आधिकारिक ट्रेलर देखने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें:  http://www.youtube.com/watch?v=nVuGFgFXvrM