मुजफ्फरपुर के विशुनपुर में सेवा संकल्प अभियान, विद्यालय में पौधारोपण के साथ चला स्वच्छता अभियान
- Post By Admin on Sep 18 2026
मुजफ्फरपुर : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को विशुनपुर युवा मंडल के तत्वावधान में राजकीय मध्य विद्यालय विशुनपुर में पौधारोपण और स्वच्छता अभियान चलाया गया। मेरा युवा भारत, मुजफ्फरपुर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत देशभर में विभिन्न सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका पूनम कुमारी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। मीनापुर के मेरा युवा भारत स्वयंसेवक संतोष कुमार और मुकेश कुमार रजक के साथ युवा मंडल के सदस्य अमरजीत कुमार, गौरव कुमार, रविकांत कुमार, मनीष कुमार और विवेक कुमार ने अभियान में सहभागिता की। विद्यालय के शिक्षक विशाल कुमार, अनिकेत कुमार समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
अभियान के दौरान युवा मंडल के सदस्यों और विद्यार्थियों ने मिलकर विद्यालय परिसर तथा आसपास के स्थानों की सफाई की। इस दौरान एकत्रित कूड़ा-कचरे को उचित स्थान पर निस्तारित किया गया। प्रतिभागियों ने लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक करते हुए साफ-सफाई को नियमित आदत बनाने का संदेश दिया। स्वच्छता अभियान के साथ विद्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया गया। पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में शामिल सदस्यों और विद्यार्थियों ने पौधों की देखभाल तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने नियमित रूप से स्वच्छता बनाए रखने, पर्यावरण की रक्षा करने और समाज के अन्य लोगों को भी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूक करने की प्रतिबद्धता जताई।