लखीसराय : जिले के युवाओं और बेरोजगारों के लिए एक सुनहरा अवसर सामने आया है। श्रम संसाधन विभाग से संबद्ध जिला नियोजन कार्यालय के तत्वावधान में आगामी 28 मई को बृहद पैमाने पर जिला स्तरीय नियोजन सह व्यवसायिक मार्गदर्शन मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला लखीसराय शहर के व्यस्तम इलाके नया बाजार स्थित केआरके हाई स्कूल के मैदान में आयोजित होगा।
जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एक दिवसीय मेला पूरी तरह से निःशुल्क है और इसमें निजी क्षेत्र के विभिन्न नियोजक भाग लेंगे। मेला सुबह से शुरू होकर दिनभर चलेगा, जिसमें बड़ी संख्या में कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और विभिन्न पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
इस मेले में आठवीं, दसवीं, बारहवीं, बीए, बीएससी, बीकॉम, बी.एड, बीसीए, आईटीआई, डिप्लोमा धारक एवं अन्य योग्यताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। प्रधान लिपिक नीतीश कुमार ने बताया कि जिला नियोजन कार्यालय नियमित रूप से जॉब कैंप का आयोजन करता रहा है और यह मेला भी उसी कड़ी का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का भरपूर लाभ उठाएं और नियोजन मेले में भाग लेकर अपनी योग्यताओं के अनुसार रोजगार प्राप्त करें।




















