पटना : बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने बिना नाम लिए चर्चित कोचिंग शिक्षक खान सर के दावों पर प्रतिक्रिया दी है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि 4 जनवरी 2025 को आयोजित 70वीं संयुक्त (प्रारंभिक) प्रतियोगिता पुनर्परीक्षा में नया प्रश्न-पत्र सेट छपवाने को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही जानकारी पूरी तरह से भ्रामक है।
बीपीएससी ने कहा कि कुछ कोचिंग संचालकों द्वारा यह गलत प्रचार किया जा रहा है कि पुनर्परीक्षा में 13 दिसंबर 2024 को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा के अप्रयुक्त प्रश्न-पत्र का उपयोग किया गया। आयोग ने इसका खंडन करते हुए कहा कि पुनर्परीक्षा के लिए तीन नए प्रश्न-पत्र सेट प्रिंट कराए गए थे, जिनमें से एक सेट को 'Element of Surprise' के तहत परीक्षा में उपयोग किया गया। नए प्रश्न-पत्र छपवाने में समय लगने के कारण ही पुनर्परीक्षा में 21 दिनों की देरी हुई।
आयोग ने अभ्यर्थियों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि कुछ लोग सस्ती लोकप्रियता पाने और खबरों में बने रहने के लिए नॉर्मलाइज़ेशन जैसी गैर-जरूरी बातों को मुद्दा बनाकर सोशल मीडिया पर झूठी अफवाहें फैला रहे हैं। अभ्यर्थियों को आधिकारिक जानकारी के लिए केवल बीपीएससी की वेबसाइट पर भरोसा करने की सलाह दी गई है। आयोग ने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह के भ्रामक दावों से प्रभावित होने के बजाय परीक्षार्थियों को अपने अध्ययन पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।




















