टेंडर घोटाले में SVU का बड़ा शिकंजा, दो IAS समेत तीन लोगों के ठिकानों पर रेड
- Post By Admin on Jun 19 2026
पटना : चर्चित टेंडर घोटाला मामले की जांच में विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को एसवीयू की टीम ने कारोबारी रिशु श्री से जुड़े दो आईएएस अधिकारियों समेत तीन लोगों के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। जांच एजेंसी कथित अनियमितताओं और टेंडर आवंटन में मिलीभगत के आरोपों की पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार, एसवीयू की टीम आईएएस योगेश कुमार सागर और आईएएस अभिलाषा शर्मा के ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोप है कि दोनों अधिकारियों ने रिशु श्री की कंपनियों को सरकारी टेंडर दिलाने में सहयोग किया। इसके अलावा मातृसवा इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पवन कुमार के ठिकाने पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। बताया जा रहा है कि तीनों फिलहाल जांच एजेंसियों की पहुंच से बाहर हैं।
रिशु श्री से रिमांड पर पूछताछ जारी
टेंडर घोटाला मामले में गिरफ्तार रिशु श्री से पिछले तीन दिनों से रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक पूछताछ के दौरान मिले कुछ महत्वपूर्ण इनपुट और दस्तावेजों के आधार पर ही एसवीयू ने यह कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान आईएएस अभिलाषा शर्मा के आवास के बाहर सुरक्षा के मद्देनजर एटीएस कमांडो भी तैनात किए गए हैं।
अधिकारियों पर लगे गंभीर आरोप
जांच के दायरे में आए आईएएस योगेश कुमार सागर पर आरोप है कि उन्होंने रिशु श्री के खर्च पर परिवार के साथ यूरोप की यात्रा की थी। आरोपों के अनुसार विदेश यात्रा, आवास और अन्य सुविधाओं पर 21 लाख रुपए से अधिक खर्च किए गए।
वहीं, आईएएस अभिलाषा शर्मा पर आरोप है कि उनके आवास की छत पर तैयार किए गए लगभग 9 लाख रुपए की लागत वाले बगीचे का खर्च रिशु श्री ने वहन किया था। इसके अलावा रिशु श्री के खर्च पर दिल्ली, गोवा सहित विभिन्न राज्यों की यात्राएं करने तथा महंगे उपहार एवं आईफोन प्राप्त करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
हालांकि, इन आरोपों को लेकर संबंधित अधिकारियों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जांच एजेंसियां मामले के विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।