लखीसराय पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, दोहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

  • Post By Admin on Apr 16 2025
लखीसराय पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, दोहरे हत्याकांड का आरोपी गिरफ्तार

लखीसराय : जिले की पुलिस को अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल संजीवन सिंह को बांका जिले के खेसर थाना क्षेत्र के दसुआ गांव से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की यह कार्यवाही दो बड़ी हत्या के मामलों में अहम मानी जा रही है।

संजीवन सिंह लखीसराय के रामगढ़चौक थाना क्षेत्र स्थित औरे गांव का निवासी है। उस पर दो जघन्य हत्याओं का आरोप है। पहला मामला 4 सितंबर 2023 को रामगढ़चौक थाना क्षेत्र में घटित 16 वर्षीय युवक राजकुमार सिंह की हत्या से जुड़ा है, जिसमें संजीवन पर अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या करने का आरोप है। इस घटना के बाद संबंधित थाना में हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

दूसरा मामला वर्ष 2021 का है, जिसमें रामप्रकाश सिंह की हत्या हुई थी। इस मामले में भी संजीवन सिंह मुख्य आरोपी था और तब से फरार चल रहा था।

लखीसराय एसपी अजय कुमार ने जानकारी दी कि एसडीपीओ शिवम कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था। गुप्त सूचना के आधार पर बांका जिले में लगातार छापेमारी की गई और अंततः आरोपी को खेसर थाना क्षेत्र के दसुआ गांव से दबोच लिया गया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में संजीवन सिंह ने दोनों हत्याओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, इस गिरफ्तारी से न केवल दो जघन्य मामलों में प्रगति हुई है बल्कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।