हलसी में 9वें पोषण माह का समापन: कुपोषण मुक्ति और बाल विवाह रोकथाम का लिया गया संकल्प

  • Post By Admin on Oct 08 2026
हलसी में 9वें पोषण माह का समापन: कुपोषण मुक्ति और बाल विवाह रोकथाम का लिया गया संकल्प

लखीसराय : बाल विकास परियोजना कार्यालय हलसी में आयोजित 9वें पोषण माह का औपचारिक समापन हो गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पोषण के प्रति निरंतर जागरूकता बनाए रखने और समाज को कुपोषण से मुक्त करने का दृढ़ संकल्प दोहराया गया।

राष्ट्रीय पोषण मिशन के जिला समन्वयक कन्हैया कुमार ने जानकारी दी कि आईसीडीएस लखीसराय के तत्वावधान में 9वें पोषण माह की शुरुआत 9 सितंबर को जिला पदाधिकारी द्वारा की गई थी। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरे देश में एक जन-आंदोलन की तरह संचालित किया गया, जिसका मुख्य उद्देश्य बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा स्तनपान कराने वाली माताओं में पोषण के स्तर को सुधारना और उन्हें जागरूक करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल पोषण माह का औपचारिक समापन हुआ है, पोषण से जुड़े प्रयास तब तक निरंतर जारी रहेंगे जब तक भारत पूरी तरह कुपोषण मुक्त नहीं हो जाता।

महिला सशक्तिकरण केंद्र के जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक स्वस्थ समाज ही विकसित भारत की वास्तविक आधारशिला है। उन्होंने जीवन के शुरुआती एक हजार दिनों और माताओं के समुचित पोषण पर बल देते हुए बताया कि इस वर्ष की थीम 'हमारा आंगनबाड़ी हमारी जिम्मेदारी' रही, जिसे धरातल पर उतारने से ही कुपोषण मुक्त भारत का लक्ष्य साकार होगा। कार्यक्रम के दौरान महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, जैसे महिला सशक्तिकरण केंद्र, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सखी वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, शक्ति सदन, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

लैंगिक विशेषज्ञ किस्मत कुमारी ने बाल विवाह के गंभीर दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम के कानूनी उपायों की जानकारी दी, जिसके उपरांत उपस्थित सभी कर्मियों को बाल विवाह के उन्मूलन के लिए सामूहिक शपथ दिलाई गई। शक्ति सदन की आवासीय अधीक्षिका निभा कुमारी ने संकटग्रस्त, बेघर और मानव तस्करी की शिकार महिलाओं के पुनर्वास की व्यवस्था पर चर्चा करते हुए बताया कि जल्द ही लखीसराय में शक्ति सदन का विधिवत संचालन शुरू किया जाएगा, जहाँ पीड़ित महिलाओं को आश्रय, भोजन और वस्त्र सहित जरूरी दैनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इस समापन समारोह में लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार, सांख्यिक सहायक विनय कुमार यादव, महिला पर्यवेक्षिका नीतू कुमारी, ममता कुमारी, शर्मिला कुमारी, नीरा कुमारी, रीना कुमारी तथा आंगनबाड़ी सेविका अनीता, पूनम, संगीता, विनीता सहित बड़ी संख्या में सेविकाएं व संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।