लखीसराय में अवैध चुलाई शराब के अड्डे पर पुलिस का छापा; 22 लीटर शराब जब्त, दो गिरफ्तार

  • Post By Admin on Oct 01 2026
लखीसराय में अवैध चुलाई शराब के अड्डे पर पुलिस का छापा; 22 लीटर शराब जब्त, दो गिरफ्तार

लखीसराय : बिहार में पूर्ण शराबबंदी को प्रभावी ढंग से लागू करने के उद्देश्य से मद्य निषेध विभाग द्वारा चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत लखीसराय पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मद्य निषेध थाना लखीसराय की पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नेरी बहियार तालाब के किनारे छापेमारी कर अवैध देशी चुलाई शराब के साथ दो शराब तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया।

प्राप्त आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मद्य निषेध पुलिस को सूचना मिली थी कि नेरी बहियार तालाब के सुनसान इलाके में अवैध रूप से देशी चुलाई शराब की खरीद-बिक्री की जा रही है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस बल ने घेराबंदी कर मौके से 22 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की। इस दौरान पुलिस ने शराब के अवैध कारोबार में लिप्त दो सगे भाइयों—कंचन केवट उर्फ प्रशान्त कुमार एवं राजेश कुमार, पिता ब्रह्मदेव केवट, निवासी जोकमईला, वार्ड संख्या-18, थाना व जिला लखीसराय को गिरफ्तार कर लिया।

मद्य निषेध विभाग ने बरामद शराब को जब्त करते हुए दोनों धंधेबाजों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत छापेमारी अभियान निरंतर जारी रहेगा।