लातेहार : जिले की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए आपराधिक संगठन “राहुल सिंह गिरोह” के चार अपराधियों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों के खिलाफ लातेहार जिले और आसपास के इलाकों में कई आपराधिक घटनाओं के आरोप हैं। गिरफ्तार किए गए अपराधियों में पीयूष उरांव, बादल लोहरा, दीपक लोहरा और दिनेश कुमार शामिल हैं, जो सभी चंदवा थाना क्षेत्र के निवासी हैं।

आपको बता दे की, एसपी कुमार गौरव को रविवार की सुबह एक गुप्त सूचना मिली थी कि चंदवा थाना क्षेत्र के कुसुमटोली स्थित कृषि फार्म के मैदान में राहुल सिंह गिरोह के करीब 12 अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के बाद एसपी ने डीएसपी अरविंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की योजना बनाई।

पुलिस की टीम जैसे ही घटनास्थल पर पहुंची, अपराधी भागने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पुलिस ने चार अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। घटनास्थल से करीब 8 अपराधी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। गिरफ्तार किए गए अपराधियों के पास से दो देसी पिस्तौल, गोलियां और अन्य आपराधिक सामग्री बरामद की गई है।

डीएसपी अरविंद कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान इस ऑपरेशन की जानकारी दी और कहा कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने यह भी बताया कि फरार अपराधियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लातेहार पुलिस की यह सफलता जिले में अपराध नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।