25 वर्षीय युवक का शव बरामद, मानसिक परेशानी के कारण लापता हुआ था मृतक

  • Post By Admin on Nov 22 2024
25 वर्षीय युवक का शव बरामद, मानसिक परेशानी के कारण लापता हुआ था मृतक

मुजफ्फरपुर : जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के बीस भवारी पुल के पास एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाया गया। युवक की पहचान अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है। जो मानसिक रूप से परेशान था। शव मिलने की सूचना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना गुरुवार सुबह की है। जब बीस भवारी पुल के पास सड़क के किनारे युवक का शव पड़ा हुआ था। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इस बीच साहेबगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने शव की पहचान अनिल कुमार सिंह के रूप में की, जो मानसिक तनाव से जूझ रहा था।

ग्रामीण एसपी बिद्यासागर ने बताया कि मृतक अनिल कुमार सिंह मानसिक रूप से परेशान था। कल वह अपने घर से बीस भवारी पुल के पास स्थित अपने बहनोई के घर गया था। बताया जा रहा है कि अनिल ने अपना मोबाइल अपने बहनोई के घर पर छोड़ दिया था और उसके बाद वह लापता हो गया। देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की लेकिन कोई पता नहीं चला। सुबह के समय शव मिलने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस ने शव को बरामद किया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही इस मामले में विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मृतक की मौत दुर्घटना के कारण हुई है या फिर किसी अन्य कारण से। पुलिस ने मामले के सभी पहलुओं की जांच करने का आश्वासन दिया है।