पंडित नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि पर राष्ट्र ने किया नमन, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
- Post By Admin on May 27 2025
 
                    
                    नई दिल्ली : देश के प्रथम प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के शिल्पकार पंडित जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि पर आज समूचे राष्ट्र ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें याद किया और उनके योगदान को नमन किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि।”
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने भी पंडित नेहरू के योगदान को याद करते हुए लिखा, “उन्होंने एक ऐसे भारत का सपना देखा जो विज्ञान और तकनीक के सहारे आगे बढ़े और आधुनिक विश्व का मुकाबला करे। उन्होंने दर्जनों संस्थानों की नींव रखी जो आज हमारी प्रगति की रीढ़ हैं।”
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “भारत को शून्य से शिखर तक पहुंचाने वाले, लोकतंत्र के निर्भीक प्रहरी और विविधता में एकता के प्रतीक पंडित नेहरू के बिना 21वीं सदी के भारत की कल्पना नहीं की जा सकती। देश उनके योगदान को हमेशा स्मरण करता रहेगा।”
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री की तस्वीर साझा करते हुए कहा, “नेहरू जी ने समावेशी और सशक्त भारत का सपना देखा था। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में स्वतंत्र भारत की नींव रखी गई। लोकतंत्र, संविधान, शिक्षा और सामाजिक न्याय में उनका योगदान अमूल्य है।”
देशभर में कांग्रेस समेत विभिन्न संगठनों ने पंडित नेहरू की पुण्यतिथि पर कार्यक्रम आयोजित कर उनके विचारों और योगदान को याद किया। आधुनिक भारत के निर्माता को आज पूरा देश नमन कर रहा है।