उच्चस्तरीय वार्ता का दौर : तजानी के भारत आगमन से बढ़ेगी द्विपक्षीय मजबूती
- Post By Admin on Dec 10 2025
नई दिल्ली : भारत और इटली के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक एवं आर्थिक सहयोग के बीच इटली के उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी बुधवार को अपने तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंचे। यह तजानी का इस वर्ष भारत का दूसरा दौरा है, जो दोनों देशों के बीच उभरती रणनीतिक साझेदारी के महत्व को दर्शाता है।
विदेश मंत्रालय ने तजानी के आगमन पर एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि दिल्ली और मुंबई में होने वाले उनके उच्च स्तरीय कार्यक्रम भारत-इटली रणनीतिक सहयोग को नई दिशा देंगे।
अपने व्यस्त कार्यक्रम के तहत तजानी बुधवार को नई दिल्ली में विदेश मंत्री एस. जयशंकर से महत्वपूर्ण द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। गुरुवार को वह मुंबई पहुंचेंगे, जहां कई आधिकारिक बैठकों में भाग लेने के बाद शुक्रवार को अपनी यात्रा समाप्त करेंगे।
यह दौरा अप्रैल में हुई उनकी पिछली यात्रा की निरंतरता माना जा रहा है। उस समय तजानी और जयशंकर ने संयुक्त रणनीतिक एक्शन प्लान (JSAP) 2025-29 के अंतर्गत रक्षा, व्यापार, अंतरिक्ष, विज्ञान-तकनीक, क्लीन एनर्जी, संस्कृति और पर्यटन सहित कई अहम क्षेत्रों में चल रही प्रगति की समीक्षा की थी।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के बीच एआई, साइबर सुरक्षा, डिजिटल तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा, जैव ईंधन, शिक्षा, अकादमिक शोध और युवाओं की मोबिलिटी जैसे नए और उभरते क्षेत्रों में सहयोग की बड़ी संभावनाएं हैं। दोनों नेताओं ने इन क्षेत्रों में ठोस परिणाम सुनिश्चित करने और रणनीतिक साझेदारी को और सुदृढ़ करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
तजानी की यह यात्रा भारत-इटली संबंधों को अगले स्तर पर ले जाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।