कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के साथ देश भर में फहराया गया तिरंगा

  • Post By Admin on Jan 26 2023
कर्तव्य पथ पर गणतंत्र दिवस परेड के साथ देश भर में फहराया गया तिरंगा

नई दिल्ली: देश का 74वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरी आन-बान और शान के साथ गुरुवार को कर्तव्य पथ पर शुरू हो गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू , समारोह के मुख्य अतिथि मिस्र के राष्ट्रपति अब्दुल फतेह अल-सिसी, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत सभी गणमान्य अतिथि, राजनेता, सैन्य अधिकारी कर्तव्य पथ पर मौजूद हैं। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू का यहां पहुंचने पर स्वागत किया।

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने गणतंत्र दिवस पर सभी देशवासियों को बधाई देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने की कामना की। वो सुबह राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचे और अपना सर्वोच्च बलिदान करने वालों को श्रद्धांजलि दी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत ने राजस्थान में जामडोली के केशव विद्यापीठ में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में हिस्सा लिया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने अपने आवासों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी सभी देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं और वीर जवानों को नमन किया है।

बिहार के राज्यपाल फागू चौहान ने पटना, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मुंबई में अपने सरकारी आवास और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। धामी ने कहा-प्रधानमंत्री ने पांच संकल्प देश के सामने रखे हैं। इसमें हम सभी अपना योगदान देंगे।

गुजारत के बोटाड में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्यपाल आचार्य देवव्रत गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए। मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने आइजोल के मुख्यमंत्री कार्यालय में तिरंगा फहराया।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह ने पार्टी मुख्यालय में तिरंगा फहराया। ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल ने भुवनेश्वर में ध्वज फहराया। समारोह में मुख्यमंत्री नवीन पटनायक भी मौजूद रहे। केरल के कोच्चि में दक्षिणी नौसेना कमान ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित परेड में वाइस एडमिरल एमए हम्पिहोली शामिल हुए। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई में राज्यपाल आरएन रवि और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन की उपस्थिति में तिरंगा फहराया गया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जयपुर के मुख्यमंत्री आवास पर तिरंगा फहराया।

बीएसएफ के डीआईजी संजय गौड़ ने पंजाब के अटारी-वाघा सीमा पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जबलपुर में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि देश को आज के भारत पर गर्व है। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करने के लिए आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश का निर्माण करेंगे।

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में लाल चौक स्थित क्लॉक टॉवर पर 74वें गणतंत्र दिवस पर तिरंगा फहराया गया। उत्साही युवाओं गणतंत्र दिवस अमर रहे के नारे भी लगाए। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने यमुनानगर के जगाधरी में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने तिरुवनंतपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में तिरंगा फहराया।