भाजपा स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री का संदेश, बोले— चुनौतियों से लड़ते हुए आगे बढ़ रही पार्टी

  • Post By Admin on Apr 06 2026
भाजपा स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री का संदेश, बोले— चुनौतियों से लड़ते हुए आगे बढ़ रही पार्टी

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो संदेश के माध्यम से देशभर के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि देश की जनता का भरोसा भाजपा पर लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने पार्टी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है, जहां कार्यकर्ता पार्टी को अपनी मां के समान मानते हैं। इसलिए स्थापना दिवस केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के लिए भावनात्मक अवसर होता है। यह दिन पार्टी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है, क्योंकि पार्टी ने उन्हें राष्ट्रसेवा का सौभाग्य प्रदान किया है। उन्होंने देशभर के करोड़ों कार्यकर्ताओं और समर्थकों को स्थापना दिवस की बधाई दी।

प्रधानमंत्री मोदी ने वर्तमान में चल रहे चुनावों का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जिन राज्यों में चुनाव हो रहे हैं, वहां पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा दिखाई दे रही है। उन्होंने पार्टी के नए अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन में नई ऊर्जा और नवीनता का संचार हुआ है।

उन्होंने कहा कि आज भाजपा जिस ऊंचाई पर पहुंची है, उसकी चमक सभी को दिखाई देती है, लेकिन इस मुकाम तक पहुंचने के लिए लाखों कार्यकर्ताओं ने तप, त्याग और समर्पण का परिचय दिया है। यह वही समझ सकता है, जिसने पार्टी के संकल्पों के लिए स्वयं को समर्पित किया हो।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का उल्लेख करते हुए कहा कि संघ के विशाल और पवित्र वटवृक्ष की छाया में स्वच्छ नीयत और ईमानदारी के साथ राजनीति में कदम रखने की प्रेरणा मिली। शुरुआती दशकों में संगठन की नीतियों को मजबूत करने पर काम किया गया और बाद में भाजपा को एक सशक्त कार्यकर्ता आधारित पार्टी के रूप में स्थापित किया गया।

उन्होंने कहा कि पार्टी ने ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं का विशाल समूह तैयार किया, जिनके जीवन का आदर्श सेवा और सिद्धांतों के प्रति निष्ठा रहा है। इन कार्यकर्ताओं ने किसी भी परिस्थिति में अपने मूल्यों से समझौता नहीं किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सत्ता केंद्रित राजनीति का धीरे-धीरे पतन हुआ और सेवा आधारित राजनीति को जनता का व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अपने आचरण से भारतीय राजनीति में “राष्ट्र प्रथम” का सिद्धांत स्थापित किया है।

उन्होंने 1984 के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय कांग्रेस ने रिकॉर्ड सीटें जीती थीं, लेकिन जनता ने देखा कि सत्ता मिलने के बाद उसके साथ विश्वासघात हुआ। ऐसे समय में भाजपा पर लोगों का भरोसा बढ़ता गया और पार्टी धीरे-धीरे चुनावों में सफलता हासिल करती गई। इससे देश की राजनीति में दो स्पष्ट धाराएं बनीं— एक सत्ता आधारित राजनीति और दूसरी सेवा आधारित राजनीति।

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश जानता है कि हर चुनौती का सामना करने के लिए भाजपा ईमानदारी से प्रयास कर रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों के समय के सैकड़ों पुराने कानूनों को समाप्त करना, लोकतंत्र के लिए नए संसद भवन का निर्माण, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण, तीन तलाक पर रोक लगाने वाला कानून, नागरिकता संशोधन अधिनियम और अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण जैसे कई कार्य भाजपा के प्रयासों का परिणाम हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पार्टी का मिशन अभी भी जारी है और समान नागरिक संहिता तथा एक देश एक चुनाव जैसे मुद्दों पर देश में गंभीर चर्चा हो रही है।