प्रधानमंत्री मोदी ने विशाखापट्टनम में तीन लाख लोगों संग किया योग, कहा - योग ने पूरी दुनिया को जोड़ा

  • Post By Admin on Jun 21 2025
प्रधानमंत्री मोदी ने विशाखापट्टनम में तीन लाख लोगों संग किया योग, कहा - योग ने पूरी दुनिया को जोड़ा

विशाखापट्टनम : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के 11वें संस्करण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में विशाल योग कार्यक्रम का नेतृत्व किया। समुद्र तट के किनारे आयोजित इस ऐतिहासिक आयोजन में करीब 3 लाख लोगों ने एक साथ योग कर नया कीर्तिमान रचा। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के साथ 40 देशों के राजनयिक, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण भी शामिल हुए।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, "योग का अर्थ है जोड़ना और यह देखना सुखद है कि योग ने पूरी दुनिया को जोड़ा है। जब कोई व्यक्ति अपने हित से ऊपर उठकर समाज के हित की सोचता है, तभी पूरी मानवता का कल्याण संभव होता है।"

उन्होंने योग को सेवा, समर्पण और सह-अस्तित्व की भावना का आधार बताया और कहा कि "आज जब पूरी दुनिया तनाव, अशांति और अस्थिरता से जूझ रही है, ऐसे समय में योग ही शांति का मार्ग दिखाता है।"

देशभर में हुआ योग संगम

इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग' थीम पर किया गया। सुबह 6:30 से 7:45 बजे तक देशभर के एक लाख से अधिक स्थानों पर सामूहिक योग अभ्यास हुआ। आंध्र प्रदेश सरकार ने इस अवसर पर 50 लाख योग प्रमाणपत्र जारी कर रिकॉर्ड बनाने की योजना बनाई है।

समुद्र तट से युद्धपोतों तक गूंजा योग

विशाखापट्टनम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भारतीय नौसेना की पूर्वी कमान के 11,000 जवानों और उनके परिजनों ने भी भाग लिया। योग अभ्यास के लिए 30 किलोमीटर लंबे आरके बीच को 10 खंडों में विभाजित किया गया था। इसके अलावा नौसेना के जहाजों पर भी योग अभ्यास किया गया।

राष्ट्रव्यापी भागीदारी

अलग-अलग राज्यों और स्थानों पर देश के प्रमुख नेताओं ने भी योग सत्रों में भाग लिया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू (देहरादून), रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (उधमपुर), गृह मंत्री अमित शाह (अहमदाबाद), वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण (फरीदाबाद), सीएम योगी आदित्यनाथ (गोरखपुर), उप सेना प्रमुख एनएस राजा सुब्रमणि (दिल्ली), हरियाणा सीएम नायब सिंह सैनी (कुरुक्षेत्र), राजस्थान डिप्टी सीएम दीया कुमारी (जयपुर), गोवा सीएम प्रमोद सावंत (बाम्बोलिम) ने योग किया।

दुनिया भर में योग की गूंज

करीब 190 देशों में योग दिवस मनाया गया। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर अभिनेता अनुपम खेर ने योग सत्र में भाग लिया, वहीं, ब्रिटेन के राजा चार्ल्स ने भी इस अवसर पर संदेश भेजा। लंदन में भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी, अमेरिका के वॉशिंगटन डीसी, जापान, साइप्रस, ऑस्ट्रेलिया समेत कई देशों में भी योग सत्रों का आयोजन हुआ।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 27 सितंबर 2014 को संयुक्त राष्ट्र महासभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का प्रस्ताव रखा था, जिसे 177 देशों के समर्थन के साथ 11 दिसंबर 2014 को मंजूरी मिली। पहला योग दिवस 21 जून 2015 को मनाया गया था और तब से यह दिन हर वर्ष दुनिया भर में योग और भारतीय संस्कृति की वैश्विक विरासत के रूप में मनाया जाता है।