तिरुमला में श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात, रिलायंस फाउंडेशन ने सौंपीं 25 इलेक्ट्रिक बसें
- Post By Admin on Sep 16 2026
तिरुमला : तिरुमला आने वाले श्रद्धालुओं के सफर को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में रिलायंस फाउंडेशन ने तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) को 25 इलेक्ट्रिक बसें सौंपी हैं। इन बसों के संचालन के लिए अलग से इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन भी उपलब्ध कराया गया है। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई इलेक्ट्रिक बसों के शुरू होने से तिरुमला आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को सार्वजनिक परिवहन का एक और पर्यावरण अनुकूल विकल्प मिलेगा। इससे पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहनों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है। तिरुमला में ब्रह्मोत्सव के आयोजन के बीच बसों की यह सौगात ऐसे समय मिली है, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के कार्यकारी निदेशक अनंत अंबानी ने जून 2026 में तिरुमला यात्रा के दौरान टीटीडी को 25 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध कराने का वादा किया था। करीब तीन महीने बाद रिलायंस फाउंडेशन ने यह वादा पूरा करते हुए बसें टीटीडी को सौंप दीं। बसों के लिए चार्जिंग सुविधा तैयार करने में जियो-बीपी की ओर से तकनीकी सहयोग दिया गया है। अनंत अंबानी ने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन के लिए तिरुमला पहुंचते हैं। उनकी यात्रा को अधिक आरामदायक बनाने में सहयोग करना उनके लिए सौभाग्य और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने कहा कि 25 इलेक्ट्रिक बसें टीटीडी की उन पहलों में योगदान हैं, जिनका उद्देश्य तीर्थयात्रियों की सुविधा बढ़ाने के साथ तिरुमला क्षेत्र की समृद्ध जैव-विविधता का संरक्षण करना है।