गीता जयंती पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, बोले– दिव्य श्लोक हर पीढ़ी को करते रहेंगे प्रेरित

  • Post By Admin on Dec 01 2025
गीता जयंती पर पीएम मोदी ने दी शुभकामनाएं, बोले– दिव्य श्लोक हर पीढ़ी को करते रहेंगे प्रेरित

नई दिल्ली : गीता जयंती के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर केंद्रीय मंत्रियों व विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और श्रीमद्भगवद्गीता के संदेशों को आधुनिक जीवन में प्रासंगिक बताया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक्स’ पर संदेश साझा करते हुए कहा कि गीता के कर्तव्य-पालन और निष्काम कर्म जैसे अनमोल उपदेश भारतीय जीवन के केंद्र में सदियों से स्थापित रहे हैं। उन्होंने लिखा, “श्रीमद्भगवद्गीता के अवतरण दिवस ‘गीता जयंती’ की ढेर सारी शुभकामनाएं। इसके दिव्य श्लोक हर पीढ़ी को निष्काम कर्म के लिए प्रेरित करते रहेंगे। जय श्रीकृष्ण।”

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गीता को योग, कर्म, भक्ति और ध्यान का संतुलित मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि यह पवित्र ग्रंथ मानव जीवन को हर परिस्थिति में सशक्त बनाता है। उनके अनुसार, गीता का ज्ञान हमेशा सत्य, करुणा और धर्म की रक्षा के लिए प्रेरणा देता रहेगा।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया गीता का प्रकाश विश्व को भक्ति, ज्ञान और कर्म योग के अद्वितीय संगम का संदेश देता है। उन्होंने आह्वान किया कि समाज और राष्ट्र में शांति व सद्भाव स्थापित करने के लिए गीता के अमृत-तत्वों को जीवन में उतारना आवश्यक है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गीता को जीवन का सार और धर्म का आधार बताया। उन्होंने कहा कि ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते’ का संदेश जीवन में उत्साह, प्रेरणा और कर्तव्यबोध जगाता है।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गीता को साहस, विवेक और समत्व का मार्गदर्शक बताते हुए कहा कि यह दिव्य उपदेश हर युग में मानवता के लिए प्रासंगिक रहा है। उन्होंने कहा कि गीता जयंती का दिवस सभी को कर्तव्यपथ पर अडिग रहने की प्रेरणा देता है।