फ्लाइंग सिख को राष्ट्र का सलाम : मिल्खा सिंह की जयंती पर नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
- Post By Admin on Nov 20 2025
नई दिल्ली : भारत के महान धावक और ‘फ्लाइंग सिख’ के नाम से विश्वभर में पहचाने जाने वाले पद्मश्री मिल्खा सिंह की जयंती पर देशभर से श्रद्धांजलि संदेश आए। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा और कई केंद्रीय मंत्रियों ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा करते हुए मिल्खा सिंह को याद किया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने एक्स पर भावुक संदेश लिखते हुए कहा कि मिल्खा सिंह ने अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के दम पर भारतीय खेल जगत को नई पहचान दी। उन्होंने कहा, “फ्लाइंग सिख ने अपने प्रदर्शन से विश्व पटल पर भारतीय ध्वज को शान से लहराया और मेहनत, संघर्ष व आत्मविश्वास की अमर गाथा रचकर करोड़ों युवाओं को प्रेरित किया।”
उधर, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिल्खा सिंह की संघर्षपूर्ण यात्रा को स्मरण करते हुए लिखा, “उनके हर कदम में संघर्ष की गूंज थी और हर जीत में राष्ट्र का गौरव। मिट्टी के ट्रैक से विश्व मंच तक की उनकी यात्रा ने दुनिया को सिखाया कि मेहनत ही सबसे बड़ा पदक है।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने भी उन्हें “युवाओं के लिए प्रेरणादायक जीवन का प्रतीक” बताया और जयंती पर शत-शत नमन अर्पित किया।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने मिल्खा सिंह को याद करते हुए कहा कि उन्होंने वैश्विक मंच पर भारत को गौरवान्वित किया और उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करेगा। वहीं, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लिखा कि खेल के माध्यम से राष्ट्र की सेवा करने वाले मिल्खा सिंह जैसे सपूत युवा खिलाड़ियों के लिए सदैव मार्गदर्शक बने रहेंगे।
फ्लाइंग सिख के नाम से अमर हो चुके मिल्खा सिंह की विरासत आज भी भारतीय खेल जगत और युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी हुई है।