डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 141वीं जयंती पर राष्ट्र का नमन, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी

  • Post By Admin on Dec 03 2025
डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 141वीं जयंती पर राष्ट्र का नमन, पीएम मोदी समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली : भारत के प्रथम राष्ट्रपति और संविधान निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 141वीं जयंती पर देशभर में श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित कई नेताओं ने उन्हें सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से याद किया और उनकी राष्ट्रसेवा को नमन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में लिखा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद का योगदान स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान सभा और फिर राष्ट्रपति पद तक अद्वितीय रहा। उन्होंने कहा, “उनकी अनुकरणीय सेवा और दूरदर्शिता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उन्होंने अतुलनीय सादगी, साहस और राष्ट्रीय एकता के प्रति समर्पण के साथ देश का नेतृत्व किया।”

सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी उन्हें महान स्वतंत्रता सेनानी और संविधान सभा के अध्यक्ष के रूप में याद करते हुए कहा कि उनकी विनम्रता और राष्ट्रसेवा की भावना हर भारतीय के लिए प्रेरक है। उन्होंने लिखा कि डॉ. प्रसाद ने भारतीय लोकतंत्र की नींव को और मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभाई।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में कहा कि डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने भारतीय गणराज्य की संरचना को स्थिरता और नैतिक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने लिखा कि स्वतंत्रता संग्राम से लेकर संविधान निर्माण तक, उनकी तपस्वी भूमिका ने देश को नई दिशा दी और उनका आदर्श जीवन राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।

डॉ. राजेंद्र प्रसाद का जन्म 3 दिसंबर 1884 को बिहार के जिरादेई में हुआ था। वे भारत के पहले राष्ट्रपति बने और 1950 से 1962 तक दो कार्यकालों तक इस पद पर रहे। अपनी सादगी, विद्वता और निष्ठा के लिए वे आज भी भारतीय राजनीति के सबसे सम्मानित व्यक्तित्वों में गिने जाते हैं।