एमसीडी उपचुनाव में भाजपा का दबदबा बरकरार, आप–कांग्रेस ने भी बढ़ाई मजबूती
- Post By Admin on Dec 03 2025
नई दिल्ली : दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) उपचुनाव के नतीजे बुधवार को जारी हुए, जिनमें राजधानी की राजनीति का समीकरण एक बार फिर बदलता दिखाई दिया। कुल 12 वार्डों में हुए इस उपचुनाव में भाजपा ने 7 सीटों पर जीत हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ कायम रखी, जबकि आम आदमी पार्टी को 3, कांग्रेस और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक को 1-1 सीट मिली है। हालांकि भाजपा को इस चुनाव में दो सीटों का नुकसान भी झेलना पड़ा है।
अंतिम नतीजों के साथ भाजपा एमसीडी में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। ढीचाऊं कलां वार्ड से रेखा रानी, विनोद नगर से सरला चौधरी, अशोक विहार से वीणा असीजा, चांदनी चौक से सुमन कुमार गुप्ता और शालीमार बाग से अनीता जैन ने जीत दर्ज की।
वहीं चांदनी महल से ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक के मोहम्मद इमरान विजयी रहे।
आप ने मुंडका से अनिल लाकड़ा और दक्षिणपुरी से रामस्वरूप कनौजिया को जीत दिलाई। इसके अलावा संगम विहार 163A वार्ड से कांग्रेस के सुरेश चौधरी ने पार्टी का खाता खोला।
इन नतीजों के साथ एमसीडी का गणित भी बदला है—भाजपा के पार्षदों की संख्या बढ़कर 122, आप की 102, जबकि कांग्रेस की 9 हो गई है।
राजधानी की तीनों बड़ी पार्टियों—भाजपा, कांग्रेस और आप—ने इस उपचुनाव को आने वाले राजनीतिक समीकरणों का संकेत माना था। अब परिणामों ने भाजपा को जहां उत्साहित किया है, वहीं आप और कांग्रेस भी बढ़ी हुई ताकत के साथ आगे की रणनीति बनाने में जुट गई हैं।