भारत को शुक्रिया कहकर पीछे हटा ईरान, डिलीटेड पोस्ट ने बढ़ाया कूटनीतिक सस्पेंस

  • Post By Admin on Mar 19 2026
भारत को शुक्रिया कहकर पीछे हटा ईरान, डिलीटेड पोस्ट ने बढ़ाया कूटनीतिक सस्पेंस

नई दिल्ली : मिडिल ईस्ट में जारी तनावपूर्ण हालात के बीच एक अजीबोगरीब कूटनीतिक मामला सामने आया है। ईरान के भारत स्थित दूतावास ने सोशल मीडिया पर भारत का आभार जताते हुए एक पोस्ट साझा किया, लेकिन कुछ ही घंटों के भीतर उसे हटा लिया गया। इस घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

‘भारत के लोगों’ का जताया था आभार

सूत्रों के अनुसार, भारत सरकार की ओर से फिलहाल ईरान को कोई आधिकारिक चिकित्सा सहायता नहीं भेजी गई है। वहीं, दूतावास की पोस्ट में भी सरकार का जिक्र नहीं था, बल्कि “भारत के सम्मानित लोगों” द्वारा भेजी गई मदद के लिए धन्यवाद दिया गया था।

मेडिकल सहायता पहुंचने का किया गया था दावा

पोस्ट में यह जानकारी दी गई थी कि भारत से भेजी गई चिकित्सा सहायता की पहली खेप ईरान पहुंच चुकी है और उसे रेड क्रिसेंट सोसाइटी को सौंप दिया गया है। साथ ही, इस सहयोग के लिए भारतीय लोगों के प्रति आभार भी व्यक्त किया गया था।

पोस्ट हटने से बढ़ा सस्पेंस

हालांकि, पोस्ट के अचानक डिलीट होने के बाद इस पूरे मामले पर रहस्य गहरा गया है। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सहायता किसके माध्यम से भेजी गई और दूतावास को अपना आभार संदेश क्यों हटाना पड़ा।

इस घटनाक्रम को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, वहीं कूटनीतिक जानकार इसे संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से जोड़कर देख रहे हैं।