एआई के सहारे हाईटेक ठगी : भारत बना ग्लोबल स्कैम गिरोहों का दूसरा सबसे बड़ा निशाना

  • Post By Admin on Mar 19 2026
एआई के सहारे हाईटेक ठगी : भारत बना ग्लोबल स्कैम गिरोहों का दूसरा सबसे बड़ा निशाना

नई दिल्ली : Meta (फेसबुक-इंस्टाग्राम की मालिक कंपनी) की ताजा रिपोर्ट में साइबर अपराध को लेकर चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत अब अंतरराष्ट्रीय स्कैम गिरोहों का दूसरा सबसे बड़ा निशाना बन चुका है, जबकि पहले स्थान पर अमेरिका के अंग्रेजी भाषी यूजर्स हैं।

Meta की सेमीएनुअल एडवरसैरियल थ्रेट रिपोर्ट बताती है कि अब ठग पारंपरिक तरीकों से आगे बढ़कर Artificial Intelligence (एआई) का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके जरिए वे बेहद प्रोफेशनल फर्जी अकाउंट तैयार कर रहे हैं, जिनमें असली जैसे दिखने वाले फोटो, वीडियो और पूरी बैकस्टोरी शामिल होती है। इतना ही नहीं, स्कैमर्स यूजर्स के मुताबिक पर्सनलाइज्ड मैसेज भेजते हैं, जिससे लोगों को संदेश वास्तविक और भरोसेमंद लगता है।

इन देशों के लोग बन रहे ज्यादा शिकार

रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे अधिक स्कैम का शिकार अमेरिका के अंग्रेजी भाषी यूजर्स हो रहे हैं, इसके बाद भारत दूसरे स्थान पर है। वहीं मंदारिन भाषी क्षेत्र—चीन, ताइवान, हांगकांग और सिंगापुर—इसके बाद आते हैं, जबकि जापान और दक्षिण कोरिया भी इस सूची में शामिल हैं।

स्कैम के आम तरीके

रिपोर्ट में कई तरह के साइबर ठगी के तरीकों का उल्लेख किया गया है, जिनमें शामिल हैं:

  • एडवांस पेमेंट स्कैम
  • इन्वेस्टमेंट स्कैम
  • गैंबलिंग स्कैम
  • रोमांस स्कैम
  • कस्टमर सपोर्ट स्कैम
  • सेलिब्रिटी या सरकारी अधिकारी बनकर ठगी

दक्षिण-पूर्व एशिया में खासतौर पर रोमांस और इन्वेस्टमेंट स्कैम के मामले तेजी से बढ़े हैं। ठग पहले लग्जरी लाइफस्टाइल दिखाकर भरोसा जीतते हैं, फिर बातचीत को व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट कर ठगी को अंजाम देते हैं।

पाकिस्तान से संचालित गिरोह का भंडाफोड़

रिपोर्ट के अनुसार, हाल ही में पाकिस्तान आधारित एक बड़े स्कैम नेटवर्क का खुलासा हुआ, जो भारत के लोगों को निशाना बना रहा था। यह गिरोह एआई के जरिए अलग-अलग भाषाओं में कंटेंट तैयार करता था और चोरी की तस्वीरों का इस्तेमाल कर खुद को स्थानीय व्यक्ति के रूप में पेश करता था।

करोड़ों अकाउंट्स पर कार्रवाई

कंपनी ने साइबर ठगी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इस साल:

  • 1.09 करोड़ फेसबुक-इंस्टाग्राम अकाउंट्स
  • 6 लाख पेज
  • 1.12 लाख विज्ञापन अकाउंट्स हटाए

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि ड्रग तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े गिरोह भी इन प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल भर्ती, ब्लैकमेल और प्रचार के लिए कर रहे हैं।

सुरक्षा के लिए क्या करें?

रिपोर्ट में आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है:

  • अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें
  • किसी अज्ञात व्यक्ति को पैसे न भेजें
  • संदिग्ध प्रोफाइल और मैसेज की तुरंत शिकायत करें

रिपोर्ट का स्पष्ट संदेश है कि अब स्कैमर्स सिर्फ पैसे ही नहीं, बल्कि लोगों का भरोसा भी चुरा रहे हैं, इसलिए डिजिटल दुनिया में सतर्क रहना बेहद जरूरी हो गया है।