भारत-अमेरिका ट्रेड डील : पीयूष गोयल बोले—किसानों के हितों पर नहीं हुआ कोई समझौता
- Post By Admin on Feb 04 2026
नई दिल्ली : भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर लोकसभा में चल रही चर्चा के दौरान केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि भारत ने कृषि और दुग्ध क्षेत्रों को पूरी तरह सुरक्षित रखने में सफलता हासिल की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी अंतरराष्ट्रीय ट्रेड डील में किसानों और दुग्ध उत्पादकों के हितों से समझौता नहीं किया गया है।
लोकसभा में दिए बयान में पीयूष गोयल ने कहा कि पिछले एक वर्ष से दोनों देशों के प्रतिनिधियों के बीच अलग-अलग स्तरों पर व्यापक बातचीत हुई है। इस दौरान दोनों पक्षों ने अपने-अपने संवेदनशील और महत्वपूर्ण क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए समझौते को अंतिम रूप दिया। उन्होंने बताया कि भारतीय पक्ष ने विशेष रूप से कृषि और डेयरी सेक्टर को लेकर अपनी चिंताओं को मजबूती से रखा और उन्हें सुरक्षित रखने में सफलता पाई।
केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि एक साल की गहन चर्चा के बाद भारत और अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के विभिन्न पहलुओं पर सहमति बनाने में सफल रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच फोन पर बातचीत हुई, जिसमें द्विपक्षीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की गई।
पीयूष गोयल ने जानकारी दी कि इस बातचीत के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ में 18 प्रतिशत की कमी की घोषणा की, जो अन्य प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम है। उन्होंने इसे भारत के लिए सकारात्मक संकेत बताते हुए कहा कि इससे भारतीय निर्यात को वैश्विक बाजार में बढ़ावा मिलेगा और दोनों देशों के बीच व्यापारिक रिश्ते और मजबूत होंगे।