अमेरिका–ईरान तनाव के बीच भारत अलर्ट, दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

  • Post By Admin on Feb 23 2026
अमेरिका–ईरान तनाव के बीच भारत अलर्ट, दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

नई दिल्ली : अमेरिका और ईरान के बीच गहराते तनाव के मद्देनजर ईरान स्थित भारतीय दूतावास ने एक बार फिर एडवाइजरी जारी कर वहां रह रहे शेष सभी भारतीय नागरिकों से तत्काल देश छोड़ने की अपील की है। दूतावास ने कहा है कि उपलब्ध वाणिज्यिक उड़ानों या अन्य परिवहन साधनों के जरिए भारतीय नागरिक जल्द से जल्द ईरान से प्रस्थान करें।

जारी परामर्श में कहा गया है कि 5 जनवरी 2026 को जारी पूर्व सलाह को बरकरार रखते हुए और ईरान में तेजी से बदलते हालात को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। एडवाइजरी छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यवसायियों और पर्यटकों सहित सभी भारतीय नागरिकों पर लागू है।

दूतावास ने 14 जनवरी की सलाह को दोहराते हुए नागरिकों से विरोध-प्रदर्शन और संवेदनशील क्षेत्रों से दूर रहने, स्थानीय मीडिया पर नजर बनाए रखने तथा सतर्कता बरतने को कहा है। साथ ही सभी भारतीयों से अनुरोध किया गया है कि वे अपने पासपोर्ट, पहचान पत्र और अन्य यात्रा एवं आव्रजन दस्तावेज हर समय अपने पास सुरक्षित रखें।

किसी भी आपात स्थिति में सहायता के लिए दूतावास ने हेल्पलाइन नंबर +989128109115, +989128109109, +989128109102 और +989932179359 जारी किए हैं। इसके अलावा ईमेल के माध्यम से भी संपर्क किया जा सकता है।

भारत सरकार क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और अपने नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।