तेहरान पर हमले की आशंका के बीच भारत की सख्त एडवाइजरी, नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश

  • Post By Admin on Feb 23 2026
तेहरान पर हमले की आशंका के बीच भारत की सख्त एडवाइजरी, नागरिकों को देश छोड़ने का निर्देश

तेहरान : तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान में रह रहे भारतीय नागरिकों को तत्काल प्रभाव से देश छोड़ने की सलाह दी है। दूतावास द्वारा जारी ताजा एडवाइजरी में कहा गया है कि मौजूदा हालात को देखते हुए भारतीय नागरिक किसी भी परिस्थिति में उपलब्ध व्यावसायिक उड़ानों या अन्य परिवहन साधनों से आज ही ईरान से प्रस्थान करें।

दूतावास ने स्पष्ट किया कि यह सलाह 5 जनवरी 2026 को जारी पूर्व एडवाइजरी के क्रम में और ईरान में तेजी से बदलते हालात को देखते हुए दी गई है। एडवाइजरी छात्रों, तीर्थयात्रियों, व्यापारियों, पर्यटकों और अन्य सभी भारतीय नागरिकों पर लागू है। भारत की इस सख्त चेतावनी के बाद तेहरान पर संभावित अमेरिकी हमले की अटकलें और तेज हो गई हैं।

14 जनवरी 2026 को जारी परामर्श को दोहराते हुए दूतावास ने भारतीय नागरिकों और पीआईओ (भारतीय मूल के व्यक्ति) से सतर्क रहने, किसी भी विरोध-प्रदर्शन वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा स्थानीय मीडिया पर नजर बनाए रखने को कहा है। साथ ही सभी से अनुरोध किया गया है कि वे अपने पासपोर्ट, पहचान पत्र और अन्य यात्रा दस्तावेज हर समय तैयार रखें।

दूतावास ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति या सहायता के लिए भारतीय नागरिक सीधे दूतावास से संपर्क करें और आधिकारिक निर्देशों का पालन करें। क्षेत्र में बढ़ते तनाव के मद्देनजर भारत सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।