दिल्ली धमाका : मृतकों के परिवारों को 10 लाख, घायलों को 5 लाख की मदद की घोषणा

  • Post By Admin on Nov 11 2025
दिल्ली धमाका : मृतकों के परिवारों को 10 लाख, घायलों को 5 लाख की मदद की घोषणा

नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार शाम को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए भीषण विस्फोट के बाद देशभर में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क मोड पर हैं। दिल्ली से लेकर नोएडा तक हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। इस बीच, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “दिल्ली में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है। इस कठिन समय में दिल्ली सरकार हर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है।” उन्होंने बताया कि मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए, स्थायी रूप से अक्षम लोगों को 5 लाख रुपए, और गंभीर घायलों को 2 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही घायलों के समुचित इलाज की जिम्मेदारी भी सरकार उठाएगी।

रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की शांति और सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन को सतर्क मोड पर रखा गया है और सभी विभागों को स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

घटना के बाद लाल किला क्षेत्र में मेट्रो सेवाओं को अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, वहीं दिल्ली और नोएडा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, लेकिन किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वस्तु की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में चौकसी बढ़ा दी गई है। सीमाओं पर गहन जांच जारी है, और भीड़-भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। आने वाले दिनों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जाएगी ताकि राजधानी में शांति बनी रहे।