सोशल वर्कर फॉर वूमेन एंपावरमेंट संस्था ने गरीब कन्या की शादी में बढ़ाया सहयोग का हाथ
- Post By Admin on Nov 11 2025
मुजफ्फरपुर : सामाजिक सरोकार और मानवता की मिसाल पेश करते हुए सोशल वर्कर फॉर वूमेन एंपावरमेंट संस्था ने एक आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की बेटी की शादी में संपूर्ण सहयोग प्रदान किया। संस्था की ओर से विवाह हेतु आवश्यक सभी सामान — चावल, आटा, दाल, साड़ी, सूट, कुर्ता-पायजामा, ट्रॉली बैग, श्रृंगार सामग्री, बर्तन सेट, और 5100 रुपये नकद सहित ज्वेलरी में पायल, बिछिया, नथ आदि — उपहारस्वरूप दिए गए।
इसके अतिरिक्त, संस्था द्वारा 11 साड़ियों के सेट, 2 सूट सेट, 1 जोड़ा धोती, 5 सेट पुरुषों के शर्ट-पैंट और चुनरी भी भेंट की गई।
कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष राणु गुप्ता, सदस्य प्रीति, सुबरा, जिज्ञासा, मीडिया प्रभारी सुमिता प्रकाश, सीता गुप्ता, संयोजक बबली कुमारी एवं लक्ष्मी नारायण उपस्थित रहे।
यह सहयोग रामदयालु सुस्ता गांव की रहने वाली एक युवती के लिए किया गया है, जिसकी शादी 14 नवंबर को संपन्न होने वाली है। संस्था ने लड़की की मां को यह भरोसा भी दिलाया कि विवाह से लेकर विदाई तक की हर व्यवस्था संस्था की ओर से संभाली जाएगी।
लड़की की मां ने भावुक होकर कहा कि संस्था की इस मदद से उनकी बड़ी चिंता दूर हो गई है और अब वह बेटी की शादी खुशी-खुशी कर पा रही हैं।
संस्था की अध्यक्ष राणु गुप्ता ने कहा, “हर जरूरतमंद बेटी की मुस्कान ही हमारी सबसे बड़ी उपलब्धि है। समाज में ऐसी पहलें ही सच्चे सशक्तिकरण का आधार बनती हैं।”