गणतंत्र दिवस परेड के लिए राजधानी तैयार : दर्शकों के लिए हेल्प डेस्क और स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था

  • Post By Admin on Jan 20 2026
गणतंत्र दिवस परेड के लिए राजधानी तैयार : दर्शकों के लिए हेल्प डेस्क और स्मार्ट पार्किंग व्यवस्था

नई दिल्ली : 26 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड को लेकर राजधानी दिल्ली पूरी तरह तैयारियों में जुटी हुई है। कर्तव्य पथ पर होने वाली इस भव्य परेड को देखने आने वाले हजारों दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए इस वर्ष विशेष इंतजाम किए गए हैं। लोगों को मार्गदर्शन और सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से कर्तव्य पथ और आसपास के इलाकों में 100 से अधिक हेल्प डेस्क स्थापित की जा रही हैं।

हर वर्ष की तरह इस बार भी गणतंत्र दिवस को राजधानी में उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में लोग परेड देखने दिल्ली पहुंचते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए इस बार पार्किंग व्यवस्था को और अधिक सुव्यवस्थित तथा स्मार्ट बनाया गया है, ताकि दर्शकों को वाहनों की पार्किंग और आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस वर्ष कर्तव्य पथ पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। करीब 2,500 कलाकार एक साथ अपनी प्रस्तुति देंगे। इन प्रस्तुतियों का केंद्रीय विषय ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगांठ को समर्पित रहेगा। परेड का व्यापक संदेश ‘स्वतंत्रता का मंत्र – वंदे मातरम’ और ‘समृद्धि का मंत्र – विकसित भारत’ होगा।

संस्कृति मंत्रालय के अनुसार, इस भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम में भरतनाट्यम, कथक, ओडिसी, कुचिपुड़ी और मणिपुरी सहित देश के विभिन्न शास्त्रीय नृत्य रूपों की झलक देखने को मिलेगी। यह प्रस्तुति भारत की सांस्कृतिक विविधता, एकता और समृद्ध विरासत को भव्य रूप में प्रदर्शित करेगी।

प्रशासन का कहना है कि सभी तैयारियां समय से पूरी की जा रही हैं, ताकि गणतंत्र दिवस परेड न केवल भव्य और अनुशासित हो, बल्कि दर्शकों के लिए सुरक्षित और यादगार अनुभव भी बन सके।