भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन : पीएम बोले—पार्टी में अध्यक्ष सर्वोपरि, नितिन नवीन अब हम सबके बॉस

  • Post By Admin on Jan 20 2026
भाजपा में नेतृत्व परिवर्तन : पीएम बोले—पार्टी में अध्यक्ष सर्वोपरि, नितिन नवीन अब हम सबके बॉस

नई दिल्ली : भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगठन को लेकर बड़ा और स्पष्ट संदेश दिया। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज से नितिन नवीन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और इस नाते वे संगठन में सर्वोपरि हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के मामलों में वे स्वयं भी एक कार्यकर्ता की भूमिका में हैं और नितिन नवीन उनके भी बॉस हैं।

प्रधानमंत्री ने नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर बधाई देते हुए कहा कि भाजपा व्यक्तियों से नहीं, बल्कि स्थापित प्रक्रियाओं और संगठनात्मक परंपराओं से चलने वाली पार्टी है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा में पद से अधिक महत्व संगठन और उसकी कार्यप्रणाली का होता है। सेवा भाव भाजपा की मूल भावना है और सत्ता उसी सेवा का माध्यम मात्र है।

पीएम मोदी ने नितिन नवीन को युवा, ऊर्जावान और संगठनात्मक अनुभव से परिपक्व नेता बताया। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन उस पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिसने रेडियो के दौर से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक का परिवर्तन देखा है। यह अनुभव और ऊर्जा पार्टी को नई दिशा देने में सहायक होगी।

प्रधानमंत्री ने भाजपा की बढ़ती संगठनात्मक ताकत का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आज भाजपा नगर निगमों से लेकर संसद तक जनता की पहली पसंद बन चुकी है। महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी का सबसे बड़ी शक्ति बनकर उभरना इसका प्रमाण है। साथ ही पश्चिम बंगाल और तेलंगाना जैसे राज्यों में भी भाजपा की लगातार मजबूत होती उपस्थिति का उन्होंने जिक्र किया।

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि राजनाथ सिंह के कार्यकाल में भाजपा पहली बार केंद्र में पूर्ण बहुमत से सत्ता में आई, अमित शाह के नेतृत्व में पार्टी ने दोबारा ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया और जेपी नड्डा के अध्यक्ष रहते हुए भाजपा संसद से पंचायत स्तर तक और अधिक सशक्त हुई।

प्रधानमंत्री ने इस वर्ष जनसंघ की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि इस लंबे सफर में योगदान देने वाले लाखों कार्यकर्ताओं को वे नमन करते हैं। उन्होंने कहा कि भले ही वे तीन बार प्रधानमंत्री बने हों, लेकिन उनके लिए आज भी सबसे बड़ा सम्मान पार्टी का कार्यकर्ता होना ही है।