नई दिल्ली : राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर शुक्रवार तड़के उस समय अफरातफरी मच गई जब एक विमान में बम की धमकी की सूचना मिली। सुबह करीब 4:42 बजे क्रू मेंबर को एक धमकी भरा पत्र मिला, जिसमें बम होने का जिक्र था। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और आपात सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली अग्निशमन सेवा और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। पूरी सतर्कता के साथ टर्मिनल-3 पर संबंधित विमान और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच की गई। हालांकि कुछ घंटों की जांच के बाद यह स्पष्ट हुआ कि यह फर्जी अलर्ट था और मौके पर कोई संदिग्ध वस्तु नहीं पाई गई।

दिल्ली फायर सर्विस ने पुष्टि करते हुए बताया कि, "धमकी भरे कागज की जांच की गई और यह बम की झूठी सूचना निकली।" फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियां पत्र भेजने वाले व्यक्ति की पहचान और मंशा का पता लगाने में जुट गई हैं।

गौरतलब है कि हाल के महीनों में देश के विभिन्न एयरपोर्ट्स पर इस तरह की फर्जी धमकियों में बढ़ोतरी देखी गई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं। सुरक्षा अधिकारियों ने यात्रियों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।